App

भाजपा विधायक के सरकारी बंगले में चोरी: एक्टिवा, गैस सिलेंडर ले उड़े चोर, CCTV खंगालने में जुटी पुलिस

Bhopal News: भोपाल में BJP विधायक प्रीतम लोधी के सरकारी बंगले का ताला तोड़कर चोर एक एक्टिवा स्कूटर, दो गैस सिलेंडर और पानी के नल चुरा ले गए. बंगला जुलाई से बंद था. विधायक के भतीजे की शिकायत पर TT नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है.

भाजपा विधायक के सरकारी बंगले में चोरी: एक्टिवा, गैस सिलेंडर ले उड़े चोर, CCTV खंगालने में जुटी पुलिस
Image Credit: भाजपा विधायक के सरकारी आवास में चोरी

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर वीआईपी और सरकारी आवासों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं. यहां 45 बंगला जैसे सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के सरकारी बंगले में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है. बताया जा रहा है कि विधायक का यह बंगला पिछले जुलाई महीने से बंद पड़ा था. 30 सितंबर को जब लोग बंगले पर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. पूरे बंगले का सामान बिखरा पड़ा था. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

एक्टिवा, गैस सिलेंडर ले उड़े चोर
शातिर चोरों ने सूने पड़े बंगले का फायदा उठाते हुए वहां से एक एक्टिवा स्कूटी और दो गैस सिलेंडर पार कर दिए. इतना ही नहीं, चोरों ने बंगले के बाथरूम और किचन में लगी नल की टोंटियां भी तोड़कर चुरा लीं. घटना का पता चलने पर MLA के भतीजे ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. इसके बाद TT नगर पुलिस ने FIR दर्ज की और मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी. पुलिस अभी चोरों का सुराग लगाने के लिए आस-पास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता राजेश लोधी अपने ताऊ विधायक प्रीतम लोधी के साथ 23 जुलाई को दोपहर करीब 12:00 बजे अपना बंगला बंद करके शिवपुरी गए थे. 30 सितंबर को रात करीब 11:00 बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि बंगले के पिछले हिस्से का ताला टूटा हुआ था. अंदर जाने पर पता चला कि एक एक्टिवा, दो गैस सिलेंडर और नल की टोटियां गायब थीं. भोपाल के इस पॉश और VIP इलाके में कई जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों के घर हैं. ऐसे में एक विधायक के बंद सरकारी घर में हुई इस बेखौफ चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की गश्त (पेट्रोलिंग) को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

पहले भी आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
बता दें कि मध्य प्रदेश में विधायकों और मंत्रियों के बंगलों में चोरी की यह कोई पहली वारदात नहीं है. इससे पहले भी भोपाल के वीआईपी इलाकों में ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं. राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले 74 बंगला, 45 बंगला और एमएलए रेस्ट हाउस जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में भी चोरी हो चुकी है. इससे पहले खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले के स्टोर रूम से बदमाश 6 ट्रॉफियां चुरा ले गए थे. इसी तरह चार इमली स्थित कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह के सरकारी बंगले का ताला तोड़कर भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था. अब भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बंगले में हुई इस चोरी ने एक बार फिर वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ranjana Kahar

Ranjana Kahar

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More