App

बंद हो शराब, सरकार ले हमारी पढ़ाई का जिम्मा: सागर जहरीली शराब कांड में पिता को खोने वाले मासूमों का छलका दर्द

Sagar News: बंडा के गांवों में जहरीली शराब से हुई मौतों के बीच बमूरा गांव में भी इसे पीने से एक पिता और बेटे की मौत हो गई. अकेले इसी गांव में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है और 15 से ज्यादा लोगों का इलाज चल रहा है.इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों का बुरा हाल है.

बंद हो शराब, सरकार ले हमारी पढ़ाई का जिम्मा: सागर जहरीली शराब कांड में पिता को खोने वाले मासूमों का छलका दर्द
Image Credit: AI जनरेटेड फोटो

मध्य प्रदेश के सागर जिले के बमूरा गांव में जहरीली शराब पीने से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. इस जहरीली शराब से होने वाली मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है.  इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के बाप और बेटे दोनों की जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में शोक और सदमे का माहौल है. अब तक सिर्फ बमूरा गांव में ही छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 से ज्यादा ग्रामीण गंभीर हालत में अलग-अलग अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं. वहीं, पूरे बांडा इलाके में मरने वालों की कुल संख्या 22 तक पहुंच गई है. जहरीली शराब कांड में पिता को खोने वाले मासूमों ने अपना दुख जाहिर करते हुए शराब पर पाबंदी लगाने की मांग की है.

अनाथ हुए बच्चों की सरकार से अपील
इस हादसे ने कई परिवारों को बर्बाद कर दिया है. कई मासूम बच्चों ने हमेशा के लिए अपने पिता को खो दिया है. रोते-बिलखते हुए, जिन बच्चों ने अपने पिता को खोया है, उन्होंने गांव में शराब पर रोक लगाने और सरकार से अपनी पढ़ाई-लिखाई की ज़िम्मेदारी उठाने की अपील की है.  गांव में चारों तरफ चीख-पुकार मची हुई है.

सागर में अब तक जहरीली शराब पीने से 22 मौतें
इस बीच, पूरे सागर में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है. मरने वालों में बमूरा गांव के एक पिता और उनका बेटा भी शामिल हैं. इसके अलावा 112 लोग बीमार हैं, जिन्हें सागर और भोपाल के अस्पतालों में एडमिट कराया गया है. इस घटना के सिलसिले में शराब ठेकेदार समेत 30 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने 14 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है. इसके अलावा प्रशासनिक कार्रवाई भी की गई है. बांडा की SDM आरती यादव का तबादला सागर कलेक्ट्रेट में कर दिया गया है और उनकी जगह डिप्टी कलेक्टर संजय कुमार जैन को बांडा SDM का प्रभार सौंपा गया है.

कई लीटर शराब जब्त
बंडा और विनायका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को पकड़ा है. पुलिस ने इनके पास से 1249 पाव, यानी 225 लीटर से ज्यादा देशी शराब जब्त की है. यह शराब सागर गोल्ड कंपनी के लाल मसाला ब्रांड की है. बंडा पुलिस ने 4 आरोपियों से 345 पाव शराब पकड़ी, जबकि विनायका पुलिस ने 10 आरोपियों से 904 पाव शराब बरामद की. सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है. पुलिस अब पता लगा रही है कि यह शराब कहां बन रही थी और कहां-कहां बेची जा रही थी.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ranjana Kahar

Ranjana Kahar

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More