)
दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले प्रस्तावित 'कॉकरोच पार्टी' विरोध प्रदर्शन से पहले मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले की पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.महाराष्ट्र से गोवा एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए दिल्ली की ओर बढ़ रहे 15 युवक-युवतियों को इटारसी जंक्शन पर ही रोक लिया गया. पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए जनरल कोच से 12 युवकों और 3 युवतियों को नीचे उतारा और उन्हें हिरासत में ले लिया.
पुलिस छावनी में बदला निजी रिसोर्ट
पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी युवक-युवतियों को एक प्राइवेट रिसॉर्ट में रखा है. रिसॉर्ट के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे परिसर को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है. बताया जा रहा है कि, मौके पर करीब 50 महिला पुलिसकर्मी तैनात की गई हैं, जबकि एडिशनल SP पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं.
अधिकारियों ने जानकारी देने से किया मना
बताया जा रहा है कि उन सभी को कल शाम से ही रिसॉर्ट में रखा गया है. हालांकि, जब मीडिया ने इस मामले में स्थानीय पुलिस अधिकारियों से आधिकारिक जानकारी लेने की कोशिश की, तो किसी ने भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस मुद्दे पर बयान देने या इंटरव्यू देने की इजाजत नहीं है.

CJP प्रोटेस्ट को लेकर दिल्ली में सुरक्षा के कड़े कदम
जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में काफी तनाव है. दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों और नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए इस प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. इसके बावजूद, प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े कदम उठाए हैं. दिल्ली के कई हिस्सों में कड़ी सुरक्षा के बीच मेट्रो स्टेशनों और कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है, और एहतियात के तौर पर कई लोगों को हिरासत में लिया गया है.
सागर में भी विरोध
इस बीच, कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियां देश भर में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही हैं. सागर जिले के देवरी इलाके में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताने के लिए सड़कों पर उतरकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की. वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मौजूदा सरकार और चुनाव आयोग लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं. दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले 'कॉकरोच पार्टी' के विरोध प्रदर्शन से पहले, इटारसी जंक्शन पर पुलिस की सख्त कार्रवाई राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है. महाराष्ट्र से आ रहे प्रदर्शनकारियों को रास्ते में रोकना, उन्हें एक प्राइवेट रिसॉर्ट में हिरासत में लेना और भारी पुलिस बल तैनात करना यह दिखाता है कि प्रशासन कानून-व्यवस्था को लेकर कितना सतर्क है.