MP में 12 IPS अफसरों के ट्रांसफर: नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल और अलीराजपुर को मिले नए SP, देखें किसे कहां मिली जिम्मेदारी
मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 12 पुलिस अधिकारियों की नई पोस्टिंग दी गई है. गृह विभाग के आदेश के अनुसार, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, पन्ना और आलीराजपुर सहित कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों (SP) की पोस्टिंग की गई है.
मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है और एमपी गृह विभाग ने 12 आईपीएस (IPS) अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किया है. गृह विभाग के 28 अक्टूबर को देर रात जारी आदेश के अनुसार, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, पन्ना और आलीराजपुर सहित कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों (SP) की पोस्टिंग की गई है. इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय भोपाल, भोपाल नगरीय पुलिस और विशेष सशस्त्र बल की विभिन्न इकाइयों में भी अधिकारियों का तबादला हुआ है.
इस प्रशासनिक सर्जरी के तहत 32वीं वाहिनी विसबल उज्जैन के सेनानी दीपक कुमार शुक्ला को नर्मदापुरम का नया एसपी बनाया गया है, जबकि अमित सक्सेना को बैतूल और सत्यसाची सराफ को पन्ना एसपी की कमान सौंपी गई है. इसके साथ ही कई वरिष्ठ अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय (PHQ) भोपाल और विसबल की विभिन्न वाहिनियों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं.
किस अधिकारी को मिली कहां की जिम्मेदारी?
- ऋषुवर कुमार सिंह को आलीराजपुर से पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा गया है.
- दीपक कुमार शुक्ला को 32वीं वाहिनी विसबल, उज्जैन से नर्मदापुरम का एसपी बनाया गया है.
- साईकृष्ण थोटा को नर्मदापुरम एसपी से पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है.
-वीरेंद्र जैन को बैतूल एसपी से भोपाल नगर पुलिस में पुलिस ट्रैफिक एसपी बनाया गया है.
- निवेदिता नायडू को पन्ना एसपी से 10वीं वाहिनी विसबल, सागर भेजा गया है.
- अंकित जायसवाल को रेल एसपी भोपाल से हरदा एसपी बनाया गया है.
- अमित सक्सेना को पुलिस मुख्यालय भोपाल से बैतूल एसपी बनाया गया है
- सत्यसाची सराफ को सायबर, इंदौर से पन्ना एसपी बनाया गया है.
- समर वर्मा को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, उज्जैन से अलीराजपुर एसपी बनाया गया है.
- अभिषेक आनंद को 15वीं वाहिनी विसबल, इंदौर की जिम्मेदारी और साथ ही पीटीसी इंदौर के पुलिस अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
- श्रुतकीर्ति सोमवंशी को 21वीं वाहिनी विसबल, ग्वालियर की जिम्मेदारी और साथ ही 14वीं वाहिनी विसबल, ग्वालियर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.
- शशांक को हरदा एसपी से पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है.
1 दिन पहले हटाए गए थे सागर-देवास के कलेक्टर-SP
इससे एक दिन पहले ही सागर और देवास के कलेक्टर और एसपी हटाए गए थे. जहरीली शराब से मौतों के बीच बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सरकार ने सागर और देवास के कलेक्टर और एसपी का ट्रांसफर कर दिया था. इसके बाद बालाघाट के एसपी आईपीएस आदित्य मिश्रा को देवास की जिम्मेदारी सौंपी गई और संजीव कुमार सिन्हा को सागर का नया एसपी बनाया गया. इसके साथ ही आईएएस नेहा मीना को देवास और दिलीप कुमार यादव को सागर का कलेक्टर बनाया गया. (इनपुट- रंजन भगत)