)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार तरुण कपूर मंगलवार (1 सितंबर, 2026) को अपने दो दिवसीय धनबाद दौरे के तहत झरिया पहुंचे. उन्होंने झरिया मास्टर प्लान के तहत करमाटांड़ और बेलगड़िया फेस-5 स्थित पुनर्वास स्थलों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विस्थापित परिवारों से सीधे संवाद कर पुनर्वास स्थल की स्थिति और उनकी समस्याओं की जानकारी ली. बेलगड़िया पहुंचने पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल और कपड़ा उद्योग की संयुक्त सचिव अलका नंदा दयाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया.
लंबित मुआवजे को लेकर नाराजगी
इसके बाद तरुण कपूर ने पुनर्वास स्थल का जायजा लिया और विस्थापित परिवारों से बातचीत की. जनसंवाद के दौरान रैयतों और विस्थापित परिवारों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मांग पत्र सौंपा. लोगों ने जमीन के बदले उचित मुआवजा देने की मांग उठाई. कई रैयतों ने लंबित मुआवजे को लेकर नाराजगी भी जताई. वहीं, आरएसपी कॉलेज के स्थायीकरण का मुद्दा भी उठाया गया. लोगों ने कहा कि कॉलेज से बड़ी संख्या में स्थानीय छात्र-छात्राओं का भविष्य जुड़ा है, इसलिए इसके स्थायीकरण की दिशा में पहल जरूरी है.
ग्रामीणों ने समस्याओं से कराया अवगत
विस्थापितों ने बेलगड़िया की जर्जर स्वास्थ्य व्यवस्था, पेयजल और बिजली की समस्या से भी तरुण कपूर को अवगत कराया. जर्जर आवासों की मरम्मत, पूर्व में बसाए गए परिवारों को दो आवास उपलब्ध कराने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग भी रखी गई. दौरे के दौरान अग्नि प्रभावित क्षेत्रों और पुनर्वास स्थलों की स्थिति की समीक्षा की गई. इसके अलावा झरिया मास्टर प्लान से जुड़े कार्यों को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी हुई. अब स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि जनसंवाद में उठी समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ठोस पहल होगी.
रिपोर्ट: नितेश कुमार मिश्रा