App

रांची में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पोती कालिख: भाजपा नेताओं ने जताया विरोध, कार्रवाई की मांग

रांची में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर असामाजिक तत्वों ने कालिख पोत दी. इसे लेकर भाजपा नेताओं ने कड़ा विरोध जताया है और कार्रवाई की मांग की है. भाजपा का कहना है कि उनकी प्रतिमा का अपमान सिर्फ एक प्रतिमा का अपमान नहीं, बल्कि उनके विचारों और राष्ट्रीय चेतना के प्रतीक के प्रति अनादर है.

रांची में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पोती कालिख: भाजपा नेताओं ने जताया विरोध, कार्रवाई की मांग
Image Credit: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (वीडियो ग्रैब)

रांची के हरमू इलाके में रविवार (27 सितंबर, 2026) देर रात असामाजिक तत्वों ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर कालिख पोत दी और उसे क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया. घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता देर मौके पर पहुंचे और घटना पर विरोध जताया. भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा की साफ-सफाई की. प्रतिमा को स्वच्छ जल से धोने के बाद माल्यार्पण किया गया. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की.

प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण-निंदनीय 
मौके पर पहुंचे पूर्व राज्यसभा सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि भारत की अखंडता, एकता और राष्ट्रहित के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन और विचार सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उन्होंने कहा कि उनकी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है. उन्होंने राज्य सरकार से दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की. उन्होंने कहा कि राष्ट्रनायकों के सम्मान से कोई समझौता स्वीकार्य नहीं है.

'उनके विचारों और राष्ट्रीय चेतना के प्रतीक के प्रति अनादर'
झारखंड भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने भी घटना की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी देश की एकता और अखंडता के लिए अपने जीवन का बलिदान देने वाले महान राष्ट्रीय नेताओं में शामिल थे. उनकी प्रतिमा का अपमान सिर्फ एक प्रतिमा का अपमान नहीं, बल्कि उनके विचारों और राष्ट्रीय चेतना के प्रतीक के प्रति अनादर है.

'डॉ मुखर्जी के विचारों को खत्म नहीं किया जा सकता'
उन्होंने कहा कि प्रतिमा पर कालिख पोतने जैसी घटना से डॉ मुखर्जी के विचारों को खत्म नहीं किया जा सकता. लोकतंत्र में विचारों का मुकाबला विचारों से होना चाहिए, इस तरह की घटनाओं से नहीं. प्रतुल शाहदेव ने कहा कि घटना कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े करती है. पुलिस प्रशासन को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर घटना में शामिल लोगों की पहचान करनी चाहिए और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए.

घटना के बाद इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दोषियों की पहचान करने और जल्द कार्रवाई करने की मांग की है.

-आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More