)
झारखंड के गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर सिविल कोर्ट परिसर से 23 सितंबर, 2026 दिन बुधवार को पुलिस अभिरक्षा से एक कैदी के फरार होने की सूचना से हड़कंप मच गया. फरार कैदी की पहचान उमानंद चौधरी, निवासी राजी, थाना खरौंधी के रूप में बताई जा रही है. बताया जाता है कि उमानंद चौधरी हत्या के एक मामले में आरोपी था और काफी समय से फरार चल रहा था.
खरौंधी पुलिस आरोपी को पेशी के लिए लेकर पहुंची थी कोर्ट
जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर, 2026 मंगलवार की रात नगर उंटारी पुलिस के सहयोग से उमानंद चौधरी को सुलसुलिया गांव से पकड़ा गया था. इसके बाद उसे खरौंधी पुलिस के हवाले कर दिया गया. बुधवार को खरौंधी पुलिस उसे न्यायालय में पेशी के लिए श्री बंशीधर नगर सिविल कोर्ट लेकर पहुंची थी.
कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई
इसी दौरान कोर्ट परिसर में पुलिस अभिरक्षा के बीच उमानंद चौधरी के फरार होने की सूचना सामने आई. घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने फरार कैदी की तलाश शुरू कर दी.
पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर उठे सवाल
वहीं, घटना के बाद कैदी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. कोर्ट परिसर में चर्चा रही कि कैदी को लेकर पहुंचे पुलिसकर्मी मोबाइल फोन चला रहे थे. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस अभिरक्षा में हत्या के आरोपी कैदी को भागने का मौका कैसे मिला? सुरक्षा व्यवस्था में चूक कहां हुई और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
इस मामले पर मोबाइल से बात करते हुए एसडीपीओ श्री बंशीधर नगर सत्येंद्र नारायण सिंह ने कहा कि एक कैदी फरार हुआ है. उसने हत्या की नियत से अपने भाई के साथ मारपीट की थी और उसी में नामजद आरोपी था. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.
रिपोर्ट: आशीष प्रकाश राजा