App

कुख्यात कदीम खान के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाईः आर्थिक नेटवर्क की जांच शुरू, पत्नी डोली परवीन भी रडार पर

कुख्यात अपराधी कदीम खान से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी के दौरान पुलिस को उसके काले साम्राज्य से जुड़े तमाम सबूत हाथ लगे हैं. पुलिस के अनुसार, इन स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था. कदीम खान की अवैध संपत्ति की जांच का दायरा अब उसकी पत्नी डोली परवीन तक पहुंच गया है.

कुख्यात कदीम खान के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाईः आर्थिक नेटवर्क की जांच शुरू, पत्नी डोली परवीन भी रडार पर
Image Credit: कुख्यात कदीम खान के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई (Zee Media)

सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध कारोबार, तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे जिले में संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस अब सिर्फ अपराधियों को ही नहीं, बल्कि उनके आर्थिक स्रोतों और सहयोगियों पर भी शिकंजा कस रही है. इसी अभियान के तहत आदित्यपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आदित्यपुर के एच रोड स्थित मुस्लिम बस्ती में कुख्यात अपराधी कदीम खान से जुड़े बताए जा रहे मकानों और जमीन की गहन जांच की.

क्या है पूरा मामला?

पुलिस को गुप्त सूचना मिल रही थी कि इन ठिकानों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होता है और यहां से संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम दिया जाता है. सूचना के आधार पर पुलिस ने वहां मौजूद किराएदारों को खाली कराया और मकानों से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की.

पत्नी डोली परवीन भी जांच के दायरे में

पुलिस जांच का दायरा अब कदीम खान की पत्नी डोली परवीन तक भी पहुंच गया है. पुलिस उसके नाम पर अथवा उससे जुड़े बताए जा रहे ठिकानों, संपत्ति और वहां होने वाली गतिविधियों की पड़ताल कर रही है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही उसकी भूमिका स्पष्ट हो पाएगी.

छापेमारी में चौकानें वाला खुलासा

जांच में एक चौंकाने वाला पहलू भी सामने आया है. पुलिस को सूचना मिली है कि इन मकानों से मिलने वाले किराए का इस्तेमाल कथित तौर पर तस्करी और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को आर्थिक सहयोग पहुंचाने में किया जा रहा है. इसी बिंदु पर पुलिस ने अपनी जांच केंद्रित की है.

एसडीपीओ ने दी चेतावनी

मामले पर एसडीपीओ ने कहा कि जिले में अवैध कारोबार और अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. जांच में जिनकी भी भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. किसी भी व्यक्ति को अपराधियों को संरक्षण देने या अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान में आर्थिक नेटवर्क पर सीधा प्रहार माना जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में जिले के अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी इसी तरह की कार्रवाई हो सकती है.

रिपोर्ट- रणजीत ओझा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More