App

धनबाद पहुंचे PM मोदी के सलाहकार तरुण कपूर, खनन परियोजनाओं और झरिया मास्टर प्लान की करेंगे समीक्षा

Dhanbad News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार तरुण कपूर दो दिवसीय धनबाद दौरे पर पहुंचे हैं. इस दौरान वे बीसीसीएल की खनन परियोजनाओं, अग्नि प्रभावित क्षेत्रों, पुनर्वास स्थलों और झरिया मास्टर प्लान की समीक्षा करेंगे.

धनबाद पहुंचे PM मोदी के सलाहकार तरुण कपूर, खनन परियोजनाओं और झरिया मास्टर प्लान की करेंगे समीक्षा
Image Credit: धनबाद पहुंचे PM मोदी के सलाहकार तरुण कपूर, खनन परियोजनाओं और झरिया मास्टर प्लान की करेंगे समीक्षा

Dhanbad News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सलाहकार तरुण कपूर दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को धनबाद पहुंचे. उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य बीसीसीएल की खनन परियोजनाओं, अग्नि प्रभावित क्षेत्रों, पुनर्वास स्थलों और जिले में चल रही प्रमुख विकास योजनाओं की समीक्षा करना है. दुर्गापुर एयरपोर्ट पहुंचने पर धनबाद के उपायुक्त, ssp और बीसीसीएल के सीएमडी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया. एयरपोर्ट से धनबाद रवाना होने से पहले तरुण कपूर ने मैथन स्थित प्रसिद्ध मां कल्याणेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की.

धनबाद पहुंचने के बाद उन्होंने कोयला भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में बीसीसीएल के शीर्ष अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. बैठक में कंपनी की विभिन्न खनन परियोजनाओं, उत्पादन की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और कोयला क्षेत्रों से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की गई. समीक्षा बैठक के बाद तरुण कपूर ने मुनीडीह क्षेत्र का दौरा किया, जहां उन्होंने कोल बेड मीथेन प्रोजेक्ट और लॉन्गवॉल प्रोजेक्ट का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति और तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली.

दौरे के दौरान तरुण कपूर कुसुंडा क्षेत्र के एना फायर प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण करेंगे. यह क्षेत्र लंबे समय से भूमिगत आग और भू-धंसान जैसी समस्याओं के कारण संवेदनशील माना जाता है. वे उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों से प्रभावित परिवारों से भी सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं एवं पुनर्वास से जुड़ी चुनौतियों की जानकारी लेंगे. इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने की उम्मीद है, ताकि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और सुरक्षा उपायों में तेजी लाई जा सके.

दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को तरुण कपूर झरिया मास्टर प्लान के तहत बेलगड़िया और करमाटांड़ स्थित पुनर्वास स्थलों का जायजा लेंगे. इसके बाद समाहरणालय सभागार में झरिया मास्टर प्लान, जेआरडीए, एनएचएआई, रेलवे, बीएसएनएल और टेलीकॉम विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे. बैठक में झरिया के अग्नि प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास, विस्थापित परिवारों की समस्याओं, आधारभूत संरचना और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी.

रिपोर्ट: नितेश कुमार मिश्रा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More