)
बिहार के बाद अब झारखंड में मनचलों का कहर देखने को मिल रहा है. यहां गढ़वा जिले में एक मनचले ने नर्सिंग की छात्रा से ना सिर्फ छेड़खानी की बल्कि उसका अपहरण करने की कोशिश की. हालांकि, लड़की के शोर मचाने से युवक अपने इरादों में कामयाब नहीं हो सका. जानकारी के मुताबिक, गढ़वा जिला के रंका थाना क्षेत्र के बरवाही जंगल के समीप नर्सिंग कॉलेज जा रही एक छात्रा के साथ छेड़खानी और जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया. छात्रा के शोर मचाने पर युवक मौके से फरार हो गया. छात्रा ने रंका थाना पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत की है.
जबरन बाइक पर बिठाने का प्रयास
छात्रा के अनुसार, वह घर से रंका स्थित नर्सिंग कॉलेज जाने के लिए निकली थी. घर से कुछ दूर पैदल चलकर वह ऑटो पकड़ने जा रही थी. इसी दौरान बाइक से पहुंचे एक युवक ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी. छात्रा ने इसका विरोध करते हुए वहां से आगे बढ़ने का प्रयास किया. आरोप है कि युवक ने छात्रा का पीछा किया और उसका हाथ पकड़कर जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया.
युवती ने दर्ज कराई नामजद FIR
युवती के मुताबिक, आरोपी ने उसको गलत तरीके से स्पर्श भी किया था. हालांकि, छात्रा के शोर मचाने पर युवक मौके से फरार हो गया. शिकायत में छात्रा ने युवक की पहचान मोख्तार अंसारी के रूप में की है, जो कटरा गांव का रहने वाला बताया गया है. पुलिस ने छात्रा के लिखित आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और लगाए गए आरोपों का सत्यापन कर रही है.
बिहार में कई घटनाएं देखने को मिलीं
इससे पहले बिहार से इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग लड़की से छेड़खानी का वीडियो वायरल होने के बाद से इस तरह की घटनाओं में एकाएक तेजी देखने को मिली. इस घटना के बाद बांका, भागलपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और बेगूसराय जिले से ऐसी घटनाएं सामने आईं. हालांकि, इनमें से कई घटनाएं काफी पुरानी थीं, जिनके वीडियो अब अचानक से वायरल हो गए. पुरानी घटनाएं होने के बावजूद बिहार पुलिस ने लगभग सभी घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की. जमुई कांड के मुख्य आरोपी रंजन यादव को पुलिस ने हाफ एनकाउंटर करके गिरफ्तार किया था. इस मामले में सात लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.
रिपोर्ट- आशीष प्रकाश