)
झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य भर मे करवा चौथ का त्यौहार मनाया जा रहा है. पति की लंबी आयु के लिए महिलाएं श्रृंगार कर करवा चौथ का व्रत कर रही है. करवा चौथ के त्यौहार में ऐसी मान्यता है कि शाम में चांद देखने के बाद अपने पति को देखा जाता है, जिसके बाद पति द्वारा अपनी पत्नी को जल ग्रहण करवा कर व्रत तुड़वाया जाता है, लेकिन राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में बदले मौसम की वजह से आसमान में बादल छाए हैं.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आज शाम में बादल की वजह से चांद भी नहीं दिख पाएगा. हालांकि, जिन महिलाओं ने करवा चौथ का व्रत किया है, वह समय के अनुसार अपना व्रत तोड़ सकती हैं.
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि रांची में 7 बज कर 53 मिनट में चांद के उदय होने का वक्त है. वहीं, जमशेदपुर में 7.51, बोकारो 7.49, धनबाद 7.47 समेत अलग-अलग जिलों में चांद नजर आने का वक्त निर्धारित है. मौसम विभाग ने यह भी बताया कि देर रात में दक्षिणी मध्य झारखंड में चांद दिख सकता है, लेकिन उम्मीद कम है.
दरअसल, 29 अक्टूबर गुरुवार के लिए झारखंड के वेदर को लेकर मौसम विभाग ने महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है. मौसम विभाग की तरफ से जारी अपडेट के मुताबिक, प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश, ठनका गिरने की पूरी संभावना है. मौसम को लेकर विभाग ने झारखंड के कई हिस्सों में येलो और ओरेंज अलर्ट जारी किया है.
झारखंड मौसम विभाग के अनुसार, 29 अक्टूबर से लेकर 31 अक्टूबर तक हजारीबाग, कोडरमा, गढ़वा, पलामू, चतरा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, गिरिडीह, देवघर, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, पाकुड़, जामताड़ा, रांची, गुमला, सिमडेगा, लातेहार, लोहरदगा, सरायकेला खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, में बारिश होने के पूरे आसार बने हुए है.
इसलिए मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद कहते हैं कि करवा चौथ पर बादलों के छाए रहने से चांद को देखने में परेशानी हो सकती है. हालांकि, उन्होंने ये बताया कि चांद कब निकल सकता है.
रिपोर्ट: कामरान जलीली