App

चूरू पंचायत चुनाव में धनकुबेर प्रत्याशी: 145 करोड़ की संपत्ति, 62 करोड़ के शेयर, राजेंद्र राठौड़ के बेटे-बहू के हलफनामे चर्चा में!

राजस्थान पंचायत चुनाव में चूरू के प्रत्याशियों की संपत्ति चर्चा में है. पराक्रम सिंह राठौड़ ने 130.70 करोड़ और पत्नी कनिका सिंह ने 14.31 करोड़ की संपत्ति घोषित की. हलफनामों में शेयर, सोना-चांदी, अचल संपत्ति और देनदारियों का भी खुलासा हुआ.

चूरू पंचायत चुनाव में धनकुबेर प्रत्याशी: 145 करोड़ की संपत्ति, 62 करोड़ के शेयर, राजेंद्र राठौड़ के बेटे-बहू के हलफनामे चर्चा में!
Image Credit: Churu News (Zee Media)

राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के बीच प्रत्याशियों की संपत्ति को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. चूरू जिला परिषद चुनाव में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ और पुत्रवधू कनिका सिंह के हलफनामे खास चर्चा में हैं. दोनों ने भाजपा के टिकट पर जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल किया है. पराक्रम सिंह वार्ड 39 और कनिका सिंह वार्ड 23 से चुनाव मैदान में हैं. नामांकन के साथ घोषित संपत्ति के विवरण के अनुसार, दोनों की कुल संपत्ति करीब 145 करोड़ रुपए है. इनके पास करोड़ों रुपए के शेयर, सोना-चांदी और अन्य वित्तीय परिसंपत्तियां हैं, वहीं बड़ी देनदारियां भी दर्ज हैं.

पराक्रम सिंह के पास 130.70 करोड़ की संपत्ति
पराक्रम सिंह राठौड़ के हलफनामे के मुताबिक, उनके पास 112.74 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 17.96 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है. इस तरह उनकी कुल घोषित संपत्ति 130.70 करोड़ रुपए है. चल संपत्ति में विभिन्न कंपनियों के करीब 62.11 करोड़ रुपए के शेयर शामिल हैं.

हालांकि, संपत्ति के साथ उनकी देनदारियां भी काफी अधिक हैं. हलफनामे में पराक्रम सिंह ने कुल 76.59 करोड़ रुपए की देनदारी घोषित की है. शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो 45 वर्षीय पराक्रम सिंह ने ब्रिटेन के कार्डिफ विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त की है. वे भाजपा के जिला महामंत्री और जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष भी हैं.

कनिका सिंह के पास एक किलो सोना और 20 किलो चांदी
पराक्रम सिंह की पत्नी कनिका सिंह ने अपने हलफनामे में 14.31 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति घोषित की है. इसमें 8.81 करोड़ रुपए की चल और 5.50 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति शामिल है. उनके पास एक किलो सोना और 20 किलो चांदी है, जिनकी घोषित कीमत करीब 1.85 करोड़ रुपए बताई गई है. इसके अलावा उनके नाम विभिन्न कंपनियों के शेयर और अन्य निवेश भी दर्ज हैं. जयपुर में व्यावसायिक और आवासीय संपत्तियां भी उनके नाम हैं.

कनिका सिंह ने 3.91 करोड़ रुपए की देनदारी घोषित की है. 40 वर्षीय कनिका सिंह ने अजमेर स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की है. वार्ड 23 से चुनाव लड़ रहीं कनिका सिंह ने भी इस बार चुनावी मैदान में उतरकर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की है.

वही कनिका के सामने चुनाव मैदान कांग्रेस की आशा स्वामी की कुल चल अचल संपति 20लाख 90 हजार रुपये बताई गई है. जिसमे 5लाख 50हजार के आभूषण एवं 55हजार नकद ओर 13लाख 50हजार की एक कार तथा 1लाख 35 हजार की स्कूटी है.

विधायक की पत्नी कनक बुडानिया के पास 1.52 करोड़ की संपत्ति
तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनक बुडानिया भी जिला परिषद चुनाव लड़ रही हैं. वार्ड 38 से प्रत्याशी कनक बुडानिया ने कुल 1.52 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है. इसमें 37.15 लाख रुपए की चल और करीब 1.15 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति शामिल है. उनके हलफनामे में तीन लाख रुपए की देनदारी और दो कारों का भी उल्लेख है. कनक बुडानिया स्नातक हैं.

केशरचंद से ज्यादा पत्नी के नाम अचल संपत्ति
सरदारशहर विधायक अनिल शर्मा के भाई और पूर्व मंत्री पंडित भंवरलाल शर्मा के बेटे केशरचंद भी वार्ड 39 से जिला परिषद चुनाव में प्रत्याशी हैं. उनके हलफनामे के अनुसार, उनके पास कुल 63.12 लाख रुपए की संपत्ति है. इसमें 3.12 लाख रुपए की चल और 60 लाख रुपए की अचल संपत्ति शामिल है. वहीं, उनकी पत्नी अनु शर्मा के नाम 64.36 लाख रुपए की चल संपत्ति और 1.05 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति दर्ज है. इस तरह पत्नी अनु शर्मा के नाम अचल संपत्ति का मूल्य केशरचंद की कुल घोषित संपत्ति से भी अधिक है. केशरचंद ने बीए तक पढ़ाई की है. अनु शर्मा भी इस बार जिला परिषद के वोार्ड 3 से चुनवा लड़ रही हैं.

संतोष मेघवाल के पास 15.38 लाख की चल संपत्ति
बीदासर की निवर्तमान प्रधान और पूर्व विधानसभा चुनाव में सुजानगढ़ से भाजपा प्रत्याशी रहीं संतोष मेघवाल भी इस बार जिला परिषद सदस्य का चुनाव लड़ रही हैं. वार्ड 11 से प्रत्याशी संतोष मेघवाल ने 15.38 लाख रुपए की चल संपत्ति घोषित की है. इसमें 10 ग्राम सोना भी शामिल है. उनके नाम कोई अचल संपत्ति दर्ज नहीं है. संतोष मेघवाल ने एमए और बीएड की डिग्री प्राप्त की है.

संपत्ति के आंकड़े भी बने चुनावी चर्चा का विषय
चूरू जिला परिषद चुनाव में अलग-अलग प्रत्याशियों के हलफनामों में घोषित संपत्ति के आंकड़े आर्थिक स्थिति की अलग-अलग तस्वीर पेश करते हैं. एक ओर पराक्रम सिंह और कनिका सिंह की करोड़ों रुपए की संपत्ति और शेयर निवेश चर्चा में हैं, तो दूसरी ओर संतोष मेघवाल के हलफनामे में 15.38 लाख रुपए की चल संपत्ति और अचल संपत्ति शून्य दर्ज है. अब चुनावी मुकाबले के बीच प्रत्याशियों की संपत्ति, देनदारियां, शैक्षणिक योग्यता और राजनीतिक पृष्ठभूमि भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं.

Reporter - Navratan Prajapat

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

SAGAR CHAUDHARY

SAGAR CHAUDHARY

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More