)
हजारीबाग: झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध हालात में मौत के मुख्य आरोपी पति कुशाग्र रुद्र राणा ने गुरुवार को सरेंडर कर दिया. हजारीबाग के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में कुशाग्र रुद्र राणा ने सरेंडर किया. पुलिस अब आरोपी को रिमांड ) में लेकर पूछताछ की तैयारी में जुटी है.
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रूपेश कुमार सिंह ने आरोपी के कोर्ट में सरेंडर करने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब उससे पूछताछ के लिए रिमांड का आवेदन दाखिल करेगी. गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस ने झारखंड समेत तीन अलग-अलग राज्यों में अपनी टीमें भेजी थीं. इसके अलावा उसके पासपोर्ट और हथियार के लाइसेंस को रद्द कराने के साथ-साथ उसके बैंक खातों को भी सीज करने की कार्रवाई की जा रही थी.
22 अक्टूबर को हजारीबाग के गुप्ता कॉम्प्लेक्स स्थित फ्लैट नंबर 304 के भीतर अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला था. मृतका झारखंड हाईकोर्ट में वकालत करती थीं. उनकी असमय और रहस्यमय मौत के बाद परिजनों ने पति और उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए प्रताड़ना व हत्या के गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई थी.
घटना के बाद ही अनुष्का का पति और उसके घर के लोग फरार थे. इस घटना को लेकर मृतका के परिजनों ने झारखंड हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की है, जिसपर कोर्ट ने पूरे मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी से कराने का निर्देश दिया था. इस बीच, सरेंडर करने से ठीक पहले आरोपी पति ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उसने अपनी पत्नी की मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए सनसनीखेज आरोप मढ़े हैं.
कुशाग्र रुद्र राणा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया है कि अनुष्का के पिता उसके कारोबार में लगातार दखल देते थे और उसे अपनी कंपनी में निदेशक बनाने के लिए दबाव बना रहे थे. उसने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष की ओर से उस पर आर्थिक दबाव डाला गया तथा उससे पैसे और कीमती सामान ऐंठे गए.
आरोपी पति ने वीडियो में रामगढ़ की विधायक ममता देवी के प्रतिनिधि मनोज महतो का भी जिक्र किया है. उसने आरोप लगाया कि झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में कथित सेटिंग के नाम पर कंपनी के बैंक खाते से सात लाख रुपये और नकद 10 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे. साथ ही उसने यह भी दावा किया कि रांची में रहने के दौरान अनुष्का की एक अन्य महिला अधिवक्ता से नजदीकियों को लेकर उनके बीच विवाद रहता था.
-आईएएनएस