)
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान का असर झारखंड में अभी से ही दिखने लगा है. आसमान में काले बादल छा चुके हैं और कनकनी का एहसास हो रहा है. जबकि, इसका व्यापक असर कल यानी 20 नवंबर को झारखंड में भी दिखने का अनुमान है. वहीं, 20 से लेकर 21 नवंबर के लिए झारखंड में अलर्ट जारी किया गया है.
अकवान तूफान के संभावित खतरे के बीच मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर के लिए राज्य में अलर्ट जारी किया है. मामले की जानकारी देते हुए मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और कल आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा में गंभीर चक्रवाती तूफान के तौर पर टकराने का अनुमान है. इस दौरान तेज हवा चलने की संभावना है. उन्होंने बताया कि गुरुवार देर शाम से इसका व्यापक असर भी देखने को मिलेगा.
आपदा विभाग भी तूफान के संभावित खतरे को लेकर अलर्ट मोड पर है. आपदा विभाग के मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी ने बताया कि हम अलर्ट मोड पर हैं, लेकिन झारखंड को घबराने की जरूरत नहीं है. सभी विभागों को अलर्ट किया जा चुका है. हम अभी से ही सबके मोबाइल पर सतर्क रहने का मैसेज भेज रहे हैं. सभी जिलों के उपायुक्त और सिविल सर्जन को यह निर्देश दिया जा रहा है कि वे भी अलर्ट मोड पर रहें और इसके बावजूद अगर कोई घटना घटती है तो तुरंत राहत कार्य चलाएं.
चक्रवाती तूफान अकवान की संभावित आहट के बीच झारखंड का कृषि विभाग अलर्ट मोड में है. कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की है कि जिन खेतों में धान की फसल पककर तैयार हो चुकी है, उसकी जल्द से जल्द कटाई कर लें और कटाई के बाद धान को सुरक्षित स्थान पर स्टोर करें.
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के मुताबिक, राज्य में अब तक महज 25 फीसदी धान की कटाई हुई है और आने वाले तूफान का असर झारखंड में भी पड़ सकता है. ऐसे में किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि समय रहते सावधानी और सजगता बरतकर फसल को संभावित नुकसान से बचाया जा सकता है.
रिपोर्ट: कामरान