)
बॉलीवुड के मशहूर सिंगर्स कुमार सानू और उदित नारायण की आवाज सुनते ही 90s के दौर की यादें अपने आप ताजा हो जाती हैं. दोनों ने मिलकर कई सुपरहिट गाने दिए हैं और अब 21 साल बाद एक बार फिर हिंदी फिल्म के लिए साथ आए हैं. इस लंबे गैप के बावजूद दोनों की दोस्ती में कोई बदलाव नहीं आया है और कुमार सानू ने अपने हालिया रीयूनियन को लेकर दिल की बातें शेयर की हैं.
कुमार सानू और उदित नारायण ने भले ही 21 साल तक किसी हिंदी फिल्म के लिए साथ में रिकॉर्डिंग न की हो, लेकिन दोनों की यारी आज भी उतनी ही पक्की है. दोनों सिंगर्स ने फिल्म 'सूर्या अंत से आरंभ तक' के गाने सुनियो जरा के लिए एक साथ आवाज दी है. यूट्यूब पर अभी तक इस गाने को सात मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. कुमार सानू का कहना है कि इतने लंबे समय बाद फिर से साथ काम करने का मौका मिलने से वे और उदित जी दोनों ही बहुत खुश हैं.
सानू ने बताया कि इससे पहले उन्होंने साथ में ढेरों गाने गाए हैं. बीच में काफी लंबा गैप आ गया था, इसलिए जब यह मौका आया तो खुशी होना लाजमी था. उनके मुताबिक, उदित नारायण भी इस रीयूनियन को लेकर काफी एक्साइटेड और खुश हैं.
कुमार सानू का मानना है कि प्रोफेशनल लाइफ में भले ही गैप रहा हो, लेकिन उनके बीच का रिश्ता बिल्कुल वैसा ही है. उन्होंने कहा कि उनकी दोस्ती बहुत पुरानी है, आज भी कायम है और आगे भी ऐसी ही रहेगी. जब भी वे दोनों साथ बैठते हैं, तो खूब हंसी मजाक होता है और पुराने रिकॉर्डिंग के दिनों की बातें निकल आती हैं. इस नए गाने की रिकॉर्डिंग भी बहुत ही खुशमिजाज माहौल में पूरी हुई.
सुने पूरा गाना-
सिर्फ फिल्म ही नहीं, बल्कि कुमार सानू और उदित नारायण ने साथ में एक और गाना रिकॉर्ड किया है. रिपोर्ट्स के हवाले से, करीब 10 से 12 दिन पहले दोनों ने सानू के यूट्यूब चैनल के लिए तेरा मेरा याराना गाना गाया. कुमार सानू ने बताया कि उन्होंने उदित जी से इस गाने के लिए रिक्वेस्ट की थी और वे तुरंत मान गए. इसका एक वीडियो भी आएगा, जिससे लोग देख पाएंगे कि वे अपने दोस्तों के साथ किस तरह काम करते हैं.
सुनियो जरा गाने को लेकर कुमार सानू ने एक मजेदार बात भी शेयर की. उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें प्रोजेक्ट की ज्यादा जानकारी नहीं थी. उन्हें यह तक नहीं पता था कि वे किसके लिए गा रहे हैं या उनके साथ दूसरा सिंगर कौन होगा. जब उन्हें पाकुल सर के यहां बुलाया गया, तब उन्हें फिल्म के गाने के बारे में बताया गया. बाद में उन्हें पता चला कि उदित जी भी उनके साथ गा रहे हैं, जिसे जानकर वे काफी खुश हुए.