)
बीकानेर में संगठित अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. कोटगेट पुलिस, डीएसटी बीकानेर और मंडावा पुलिस के सहयोग से रोहित गोदारा गैंग से जुड़े बताए जा रहे शिवराज सिंह को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी पंचायत चुनाव के दौरान अपनी पत्नी के लिए सरपंच पद का प्रचार कर रहा था. खास बात यह है कि जिस दिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया, उसी चुनाव में उसकी पत्नी सरपंच का चुनाव जीत गईं.
पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार शिवराज सिंह लंबे समय से संगठित अपराध से जुड़े मामलों में वांछित था. वह पंचायत चुनाव के दौरान अपनी पत्नी के चुनाव प्रचार में सक्रिय था. इसी बीच पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पत्नी का सरपंच चुनाव जीतना भी इस पूरे मामले में चर्चा का विषय बना हुआ है.
रंगदारी और फायरिंग समेत कई मामले दर्ज
सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि शिवराज सिंह पर रंगदारी वसूली, फायरिंग और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप हैं. उसके खिलाफ बीकानेर के अलावा राजस्थान के दूसरे जिलों में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस उसे रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बता रही है.
एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में की गई. इसमें झुंझुनूं एसपी कावेन्द्र सिंह सागर का भी सहयोग रहा. कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी और उनकी टीम ने डीएसटी बीकानेर तथा मंडावा पुलिस के साथ तालमेल बनाकर आरोपी को गिरफ्तार किया.
पुलिस कर रही आरोपी से पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब शिवराज सिंह से पूछताछ कर रही है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में रोहित गोदारा गैंग के नेटवर्क, रंगदारी वसूली और संगठित अपराध से जुड़े अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारियां मिल सकती हैं. फिलहाल पुलिस आरोपी से जुड़े मामलों और उसके नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है. इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस अभियान की एक अहम कार्रवाई माना जा रहा है.