App

कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन में अचानक लगी आग: समय रहते बोगी को किया गया अलग, बड़ा हादसा टला

कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन में 24 सितंबर, 2026 दिन गुरुवार को अचानक आग लग गई. हालांकि, समय रहते बोगी को अलग कर दिया गया. फिलहाल, फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया है.

कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन में अचानक लगी आग: समय रहते बोगी को किया गया अलग, बड़ा हादसा टला
Image Credit: कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन में अचानक लगी आग (Photo- वीडियो ग्रैब)

कोडरमा जंक्शन से हजारीबाग टाउन होते हुए बरकाकाना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में 24 सितंबर, 2026 दिन गुरुवार को अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई. आगलगी की यह घटना पैसेंजर ट्रेन की सबसे पीछे वाली बोगी में हुई. ऐसे में समय रहते रेलकर्मियों ने ट्रेन के पीछे वाले कोच को काटकर अलग किया. इसके बाद आरपीएफ की मदद से रेलकर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया.

प्राथमिक तौर पर 7 फायर एक्सटिंग्विशर और रेल परिसर में लगे नल से पाइप के सहारे आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया. बाद में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह से काबू पाया. फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. 53373 कोडरमा-बरकाकाना पैसेंजर कोडरमा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर खड़ी थी और 3 बजकर 15 मिनट पर यह कोडरमा स्टेशन से रवाना होने वाली थी.

अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन के जिस अंतिम कोच में आग लगी थी, वह दिव्यांगों के लिए आरक्षित था, ऐसे में उसमें एक भी यात्री सवार नहीं था, जबकि दूसरी बोगियों में यात्री अपनी सीट पर बैठे हुए थे. प्लेटफॉर्म संख्या एक पर बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे, जिन्होंने समय रहते रेलकर्मियों को ट्रेन की अंतिम बोगी से निकलने वाले धुएं की जानकारी दी. आग बुझाने में आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ कर्मी मौजूद थे.

इधर, मौके पर मौजूद स्टेशन मास्टर विकास कुमार ने बताया कि पैसेंजर ट्रेन कुछ ही देर में खुलने वाली थी, इससे पहले इसकी अंतिम बोगी से धुआं निकलने की जानकारी यात्रियों की ओर से दी गई. इसके बाद तत्परता से आग पर काबू पाया गया. बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आग को पूरी तरह से बुझाया.

ट्रेन में सवार यात्रियों ने बताया कि ट्रेन में बैठने के दौरान अचानक कुछ जलने की बदबू आने लगी, जब उन लोगों ने ट्रेन से बाहर आकर देखा, तो पाया कि उनकी बोगी के ठीक पीछे वाली बोगी में आग लगी हुई है और भयानक रूप से धुआं निकल रहा है.

रिपोर्ट: गजेंद्र सिन्हा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More