)
झारखंड के हजारीबाग जिले में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के जिलाध्यक्ष संजीव बेदिया के बॉडीगार्ड निरंजन महतो की गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई. यह घटना हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र के उरीमारी स्थित जिलाध्यक्ष के आवास पर सुबह करीब 10 बजे हुई. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. हालांकि, गोली किन परिस्थितियों में चली और इसके पीछे क्या वजह थी, इसकी फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
बताया जा रहा है कि जिलाध्यक्ष के आवास पर गोली चलने की आवाज सुनकर लोग पहुंचे तो निरंजन महतो फर्श पर गिरे पड़े मिले. अस्पताल ले जाने के पहले ही उनकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद उरीमारी ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. इसके बाद पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग सदर हॉस्पिटल भेजने की तैयारी चल रही है.
पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोली कैसे चली और घटना के समय वहां कौन-कौन मौजूद था. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोली चलने के पीछे दुर्घटना, हथियार के इस्तेमाल में चूक या कोई अन्य कारण तो नहीं था. निरंजन महतो झारखंड पुलिस के जवान थे और झामुमो के हजारीबाग जिलाध्यक्ष संजीव बेदिया की सुरक्षा में तैनात थे. उनकी मौत के बाद इलाके में घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.
जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोली किस हथियार से चली और उस समय हथियार किसके पास था. संबंधित लोगों से पूछताछ के जरिए भी घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल, पुलिस अधिकारियों की ओर से घटना को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है. मौत की वास्तविक वजह और गोली चलने की परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी मामले की जांच में महत्वपूर्ण होगी.
इनपुट: आईएएनएस