App

झामुमो-कांग्रेस में जुबानी जंग: गुरुजी और हेमंत सोरेन पर टिप्पणी से गरमाई झारखंड की सियासत, BJP ने साधा निशाना

झारखंड के सत्ताधारी दलों के बीच बयानबाजी जारी है. कांग्रेस नेता योगेंद्र साव ने सीएम हेमंत सोरेन को लेकर जो बयान दिया, उसने सूबे की सियासत में भूचाल ला दिया. कांग्रेस-जेएमएम आमने-सामने आ गए. झामुमो ने योगेंद्र साव पलटवार किया और कहा कि क्रिया की प्रतिक्रिया तो होगी ही, इस पर कांग्रेस ने कहा कि गठबंधन के मुखिया पर अनर्गल बयानबाजी मंजूर नहीं होगा.

झामुमो-कांग्रेस में जुबानी जंग: गुरुजी और हेमंत सोरेन पर टिप्पणी से गरमाई झारखंड की सियासत, BJP ने साधा निशाना
Image Credit: गुरुजी और हेमंत सोरेन पर टिप्पणी से गरमाई झारखंड की सियासत (Photo- AI)

कांग्रेस के पूर्व मंत्री योगेंद्र साव के बयान से शुरू हुआ विवाद अब और भी गहराता जा रहा है. यह विवाद गठबंधन की सियासत में तकरार का रूप लेता दिख रहा है. पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेताओं ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए हमला बोला, तो कांग्रेस अनुशासन समिति ने योगेंद्र साव को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया. अब कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद ने झामुमो नेताओं के बयानों और राजनीतिक अनुशासन पर सवाल खड़े किए हैं.

वहीं, गठबंधन के भीतर उठे इन सवालों के बाद झारखंड की सियासत गरमा गई है. गठबंधन के नेताओं के बीच खिंची सियासी तलवारों ने भारतीय जनता पार्टी को गठबंधन पर हमला करने का एक बेहतरीन मौका दे दिया है, जिससे झारखंड में राजनीति तेज हो गई है.

कांग्रेस नेता योगेंद्र साव के बयान से तूल पकड़ी सियासत और कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद के सवालों पर झामुमो नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी क्रिया की प्रतिक्रिया तो होती ही है, हम क्रिया ही ऐसी क्यों करें कि कोई प्रतिक्रिया आए? इसलिए इन चीजों से बचना चाहिए. योगेंद्र साव ने जिस भाषा का प्रयोग किया और जिस भावना के साथ बात की, वह अनुचित है. उन्होंने कहा कि गुरुजी के बारे में अगर तथ्यहीन और हीन भावना के साथ बोला जाए, तो प्रतिक्रिया को आप नहीं रोक सकते हैं. गुरुजी हम लोगों के लिए सर्वोपरि हैं. हेमंत सोरेन सिर्फ उनके पुत्र ही नहीं हैं, बल्कि लाखों लोग उनके प्रति समर्पित हैं. ऐसे में अगर कोई इस तरह की बात करे, तो विरोध को रोका नहीं जा सकता.

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हेमंत सोरेन झामुमो के अध्यक्ष होने के साथ-साथ गठबंधन दल के मुखिया और नेता भी हैं. घटक दल का कोई व्यक्ति अगर गठबंधन के मुखिया के ऊपर अनर्गल बयानबाजी करे, तो यह गंभीर मामला है. हमें लगता है कि यह गठबंधन एक-दूसरे के सहयोग का स्वाभाविक गठबंधन है, इसलिए गठबंधन के अंदर के सभी दलों को इस तरह के बयानों से परहेज करना चाहिए, जिस बयान से विपक्ष को गठबंधन पर प्रश्न खड़े करने का मौका मिले. यह बात सभी के लिए है, चाहे वह कांग्रेस हो, झामुमो हो या राजद हो. इस बात का ख्याल हर व्यक्ति को रखना चाहिए.

दूसरी ओर बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह अवसरवादिता का गठबंधन है. कांग्रेस और झामुमो सत्ता सुख के लिए आपस में गठबंधन कर सरकार चला रहे हैं, उन्हें जनहित से कोई लेना-देना नहीं है. योगेंद्र साव ने तो सीधे मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है, इसके लिए बीजेपी को कुछ कहने की आवश्यकता ही नहीं है. आपस में ही इन लोगों के ऐसे विचार हैं, तो सोचा जा सकता है कि यहां की जनता कितना पिस रही होगी. आज जेएमएम और कांग्रेस की सरकार में भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं.

रिपोर्ट: धीरज ठाकुर

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More