)
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में स्थित बिंदल मॉल के पास फायरिंग मामले में पुलिस ने अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टीटू शर्मा, मनोज सरकार, शंकर मुंडा और दीपु ओझा के रूप में हुई है. सूत्रों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित टोल प्लाजा के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. बताया जा रहा है कि चारों फायरिंग की साजिश में शामिल थे, जबकि रेस्टोरेंट में जाकर गोली चलाने वालों में ये चारों शामिल नहीं थे. वारदात के बाद चारों आरोपी दो गाड़ियों से भाग रहे थे. इसी दौरान एक गाड़ी खराब हो गई, जिसके बाद चारों एक ही गाड़ी में सवार होकर फरार हो रहे थे.
पुलिस ने रायपुर के पास टोल प्लाजा पर उन्हें रोककर गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, जमशेदपुर पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. बता दें कि दो दिन पहले यानी शनिवार (26 सितंबर) को कुछ बदमाशों ने बिंदल मॉल के पास उडुपी रेस्टोरेंट में खाना खा रहे कुछ लोगों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की थी.
एक की मौत हुई थी, 4 घायल हुए थे
इस घटना में एक शख्स की गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि 4 अन्य घायल हुए थे. घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया था. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था.
उधर, घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में सारे अपराधी बाइक पर आए थे. पुलिस के मुताबिक, पुरानी रंजिश के चलते इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, जमीन कारोबार और रेलवे ठेकेदारी से जुड़े विवाद में यह घटना हुई है.
आरोपियों से की जा रही है पूछताछ
घटना के बाद कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने SIT का गठन कर दिया था. SIT के लगातार अभियान के बाद अब मामले की साजिश में शामिल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है. अब आरोपियों से पूछताछ करके घटना के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है.