)
झारखंड में चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर साफतौर पर दिखाई दे रहा है. 'अकवान' के असर से राज्य के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई है. शॉल या फिर स्वेटर के बिना काम चलना लगभग मुश्किल सा हो गया है. वहीं, भारतीय मौसम विभाग (IMD, रांची) ने आज राज्य के सभी जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है.
मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, लातेहार, लोहरदगा, रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां और पूर्वी सिंहभूम में 20 नवंबर से लेकर 22 नवंबर तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

बारिश के साथ-साथ तेज हवा चलने का भी अलर्ट है. इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना जताई गई है, जो 110 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकता है. मौसम विभाग के अपडेट के अनुसार, अगले 2 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने, बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है. साथ ही, मौसम विभाग ने किसानों से अपील की है कि अगर धान की कटनी कर दी है, तो उसे खेतों से हटा दें. वहीं, जिन खेतों में धान की कटनी अभी तक नहीं हुई है, उसमें से पानी निकासी का रास्ता बनाने की सलाह दी गई है.
चक्रवाती तूफान अकवान के कारण राज्य में तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. लातेहार, गुमला, में न्यूतनम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. वहीं, लोहरदगा, पलामू, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, सिमडेगा समेत अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
बंगाल की खाड़ी में बने गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर जमशेदपुर समेत कोल्हान के आसपास के क्षेत्रों में दिख रहा है. इसके प्रभाव से क्षेत्र के मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले सप्ताह में जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की भी संभावना जताई गई है.
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. विशेषकर बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अपडेट पर नजर रखने की जरूरत है। वंही देर रात से ही लगातार हो रही बारिश के कारण शहर मे ठंढ बढ़ा दी है.