SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

726 पेटी शराब, 2 हथियार और 20 कारतूस बरामद, हजारीबाग पुलिस ने लूट और ट्रक ड्राइवर हत्याकांड का किया खुलासा

हजारीबाग पुलिस ने 80 लाख की शराब लूट और ट्रक ड्राइवर हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. साथ ही लूटी गई 726 पेटी अंग्रेजी शराब भी बरामद किया है.

Edited By Shailendra
Published: Nov 13, 2026, 14:17 IST | Updated: Nov 13, 2026, 14:28 IST
Image Credit: शराब लूट और ट्रक चालक की हत्या का खुलासा (Photo- वीडियो ग्रैब)
Join

झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने एक ट्रक पर लदी करीब 80 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब की लूट और ट्रक चालक की हत्या के मामले का खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनकी निशानदेही पर लूटी गई 726 पेटी अंग्रेजी शराब, दो अवैध हथियार, 20 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन वाहन बरामद किए गए हैं.

पुलिस के अनुसार, रांची के तुपुदाना से करीब 80 लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब लेकर निकला ट्रक और उसका चालक रास्ते से लापता हो गए थे. इस बीच 5 नवंबर को हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के दैहर गांव में एक कुएं से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था. बाद में उसकी पहचान लापता ट्रक चालक नागेंद्र सिंह के रूप में हुई.

जांच के दौरान 11 नवंबर को हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को सूचना मिली कि चालक की हत्या और शराब लूटकांड में शामिल अपराधी अवैध हथियारों के साथ चौपारण-इटखोरी मुख्य मार्ग पर घूम रहे हैं. इसके बाद बरही के एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में चौपारण और तुपुदाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई. 

टीम ने महाराजगंज गांव के पास वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र के परसौनी गांव निवासी रणविजय सिंह (34) और हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र के दैहर गांव निवासी विशाल कुमार सिंह (27) के रूप में हुई है.

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने शराब लूटने के लिए अपने सहयोगियों के साथ मिलकर ट्रक चालक की हत्या करने की बात स्वीकार की है. पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को दैहर गांव के एक कुएं में फेंक दिया गया था. पुलिस जांच में दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. रणविजय सिंह के खिलाफ धनबाद जिले में धोखाधड़ी और चौपारण थाने में उत्पाद अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं. वहीं, विशाल कुमार सिंह के खिलाफ चतरा सदर थाने में आर्म्स एक्ट और इटखोरी थाने में चोरी के मामले दर्ज बताए गए हैं.

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर तीन स्थानों पर छापेमारी की. इस दौरान दैहर पंचायत, इटखोरी के सेवईया पुल के पास नेवरीकरमा गांव और बरही में एक मुर्गी फार्म के निकट बंद कमरों से कुल 726 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई. इनमें मैकडॉवेल्स और रॉयल चैलेंज ब्रांड की शराब शामिल है. छापेमारी में एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, 20 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए.

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार के अलावा शराब की ढुलाई और तस्करी में इस्तेमाल हो रहे एक पिकअप वाहन और एक फॉर्च्यूनर एसयूवी को भी जब्त किया है. इस वारदात में शामिल गिरोह के अन्य सदस्य अभी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

इनपुट: आईएएनएस

यह भी पढ़ें: धनबाद में रेलवे टिकटों की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा, युवक के पास से 1.74 लाख के 31 रेल टिकट मिले, गिरफ्तार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES