App

हैकरों की चाल होगी नाकाम, OpenAI ने लॉन्च किए दो नए AI टूल; मिनटों में दूर होगी सिस्टम की कमजोरी

बढ़ते साइबर खतरों को देखते हुए ओपन एआई ने दो नए सुरक्षा टूल डेब्रेक रेड टीम और डेब्रेक डिफेंस फैक्ट्री लॉन्च किए हैं. ये एआई-बेस्ड टूल्स कंपनियों को हैकर्स के हमला करने से पहले ही सॉफ्टवेयर और वेबसाइट की कमजोरियों का पता लगाने और उन्हें ठीक करने में मदद करेंगे.

हैकरों की चाल होगी नाकाम, OpenAI ने लॉन्च किए दो नए AI टूल; मिनटों में दूर होगी सिस्टम की कमजोरी
Image Credit: साइबर खतरों को रोकने के लिए ओपन एआई ने दो सुरक्षा टूल लॉन्च किया है.

आजकल इंटरनेट पर जिस तरह से साइबर हमले बढ़ रहे हैं, उसे देखकर बड़ी-बड़ी कंपनियों की रातों की नींद उड़ी हुई है. दिक्कत ये है कि अब हैकर्स भी बहुत एडवांस हो गए हैं. वो आसानी से सिस्टम की कमजोरियां ढूंढ लेते हैं.

इस खतरे से निपटने के लिए टेक कंपनी ओपन एआई ने दो नए सिक्योरिटी टूल्स लॉन्च किए हैं, जिनके नाम डेब्रेक रेड टीम और डेब्रेक डिफेंस फैक्ट्री हैं.

इनका सीधा सा मकसद ये है कि कंपनियां अपने सॉफ्टवेयर या वेबसाइट की कमियों को हैकर्स के हाथ लगने से पहले खुद ही ढूंढ लें और उन्हें सही कर लें.

पुराने तरीकों से काम नहीं चलेगा...

आज के समय में पुराने सुरक्षा तरीकों पर भरोसा करना खतरे से खाली नहीं है. हाल ही में एक इवेंट के दौरान ओपनएआई के प्रेसिडेंट ग्रेग ब्रॉकमैन ने चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि आज के दौर में कोई भी कंपनी तभी सुरक्षित रह सकती है, जब वो अपनी सुरक्षा के लिए सबसे एडवांस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करेगी.

अगर कंपनियां वक्त के साथ अपने सिक्योरिटी सिस्टम को अपडेट नहीं करेंगी, तो हैकर्स के लिए किसी भी कंपनी के डेटा में सेंध लगाना बच्चों का खेल बन जाएगा.

क्या है डेब्रेक रेड टीम?

ओपनएआई के पहले टूल की बात करें तो इसका नाम डेब्रेक रेड टीम है. जो बिल्कुल किसी जासूस की तरह काम करता है. ये किसी भी ऐप या वेबसाइट के कोड की गहराई से जांच करता है.

इसके बाद खुद एक हमलावर की तरह ये पता लगाता है कि सिस्टम में कहां-कहां सेंध लगाई जा सकती है. सबसे अच्छी बात ये है कि कंपनियों को अब किसी हमले का इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

बल्कि वे खुद पहले ही अपनी गलतियों को सुधार सकेंगी. फिलहाल इस टूल को शुरुआती टेस्टिंग के तौर पर चुनिंदा कंपनियों को दिया गया है.

पुरानी रिपोर्ट्स की भी बारकी से करता है जांच

ये बस नए गलतियों को ही नहीं, बल्कि पहले से मौजूद बग रिपोर्ट्स और पुरानी सुरक्षा फाइलों को भी खंगालता है. ये चेक करता है कि जो कमियां बताई जा रही हैं, वे सच में खतरनाक हैं या नहीं.

जब कंपनी उस कमी को ठीक कर देती है, तो ये टूल दोबारा चेक करता है कि अब सिस्टम पूरी तरह से सेफ है या नहीं. सबसे बढ़िया बात ये है कि कंपनियां खुद तय कर सकती हैं कि इस टूल को सिस्टम के किस हिस्से की जांच करनी चाहिए और किसे छोड़ना चाहिए.

क्या है डेब्रेक डिफेंस फैक्ट्री?

अक्सर सुरक्षा टीमें कमियां तो ढूंढ लेती हैं, लेकिन उन्हें ठीक करने में बहुत मेहनत करनी पड़ती है. यहीं पर दूसरा टूल डेब्रेक डिफेंस फैक्ट्री काम आता है. ये टूल कंपनी के पूरे कोड को स्कैन करके ये पता लगाता है कि गलती असल में कहां हुई है.

इसके बाद ये उस गलती को ठीक करने के लिए खुद एक नया और सही कोड तैयार कर देता है, जिससे सॉफ्टवेयर बनाने वाले डेवलपर्स का बहुत सारा कीमती समय बच जाता है.

फैसला हमेशा इंसानों के हाथ में ही रहेगा

ये टूल ऑटोमैटिक तरीके से कोड सुधारने का सुझाव देता है. लेकिन आखिरी फैसला हमेशा डेवलपर्स का ही होता है. जब ये टूल सिस्टम के कोई नए पैच या सुधार के बारे में बताता है, तो उसके बाद इंजीनियर पहले उस समस्या के बारे में अच्छी तरह चेक करते हैं. फिर वो आगे काम करने का ऑर्डर देते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Harsh Singh

Harsh Singh

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया में लॉन्च होने वाली नई गाड़ियों, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, लेटेस्ट गैजेट्स और टेक जगत के बड़े बदलावों से जुड़े जरूरी अपडेट्स पाठकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ ऑटो और टेक की दुनिया की खबरों को बेहद सरल और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More