SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

झारखंड में दुर्गापूजा का उत्साह, पाकुड़ में सांसद विजय हांसदा ने किए मां दुर्गा के दर्शन, तो वहीं खूंटी में उमड़ी लाखों की भीड़

झारखंड में दुर्गापूजा पर पाकुड़ में जेएमएम सांसद विजय हांसदा ने विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और राज्यवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की. वहीं, सफाहोड़ समुदाय का पारंपरिक दशाई नृत्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा.

Edited By Rupak Kumar
Published: Oct 20, 2026, 08:00 AM IST | Updated: Oct 20, 2026, 08:15 AM IST
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)
Join

Durga Puja 2026: झारखंड में दुर्गापूजा को लेकर भक्तों में उत्साह देखने को मिल रहा है. पाकुड़ में सांसद विजय हांसदा ने विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए, वहीं सफाहोड़ समुदाय का पारंपरिक दशाई नृत्य आकर्षण का केंद्र बना रहा. दुसरी ओर, खूंटी में महानवमी की रात पूजा पंडालों कोदेखने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है.

सांसद विजय हांसदा ने पूजा पंडालों में किए मां दुर्गा के दर्शन

पाकुड़ में राजमहल लोकसभा क्षेत्र के जेएमएम सांसद विजय हांसदा ने शहर के विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए. इस दौरान उनके साथ जेएमएम के दर्जनों कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. सांसद ने कालिकापुर, सरस्वती पुस्तकालय, रेलवे स्टेशन, रेलवे कॉलोनी, नारी शक्ति, सद्भावना केंद्र और राजापारा सहित अन्य पूजा पंडालों का भ्रमण किया. इस दौरान उन्होंने राज्यवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए सभी को दुर्गापूजा की बधाई और शुभकामनाएं दीं. सांसद विजय हांसदा ने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ दुर्गापूजा का आनंद लें. उन्होंने कहा कि प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है और पूजा समितियों के सदस्य भी व्यवस्थाओं को संभालने में जुटे हैं. शहर में एक से बढ़कर एक आकर्षक पूजा पंडाल बनाए गए हैं. उन्होंने मां दुर्गा से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की कामना की.

पारंपरिक दशाई नृत्य बना आकर्षण

पाकुड़ में दुर्गापूजा के अवसर पर सफाहोड़ समुदाय के लोगों ने पारंपरिक दशाई नृत्य प्रस्तुत किया. समुदाय के पुरुषों की टोली ने शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में घूम-घूमकर नृत्य पेश किया. इस दौरान सभी कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए. उन्होंने एक जैसे सफेद रंग के कपड़े पहन रखे थे और ढोल-नगाड़ों की थाप पर सामूहिक रूप से नृत्य किया. यह अनोखा और मनमोहक नृत्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा. संथाल परगना में दुर्गापूजा के अवसर पर सफाहोड़ आदिवासी समुदाय द्वारा दशाई नृत्य प्रस्तुत करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है.

महानवमी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

दूसरी ओर, खूंटी में महानवमी की रात दुर्गापूजा पंडालों और मां दुर्गा की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. शहर के विभिन्न पंडालों में दूर-दराज से लोग पहुंचे. लगभग पांच लाख से अधिक लोगों ने पंडालों की भव्यता और आकर्षक सजावट का आनंद लिया. महिला, पुरुष और बच्चों सहित श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन के लिए उत्साहित नजर आए. लोगों ने आकर्षक पंडालों और प्रतिमाओं की तस्वीरें अपने कैमरों में कैद कीं और मेले की यादगार तस्वीरें भी खिंचवाईं.

 

रिपोर्ट: सोहन प्रमाणिक (पाकुड़), ब्रजेश कुमार (खूंटी)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES