App

गिरिडीह में बेकाबू ब्रेजा ने कई वाहनों को रौंदा, 1 बच्चे की मौत, 9 घायल, गुस्साए ग्रामीणों ने गाड़ी में लगा दी आग

गिरिडीह के धनवार-सरिया मुख्य मार्ग पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने बाइक और ऑटो समेत कई वाहनों को टक्कर मार दी. हादसे में 15 वर्षीय प्रिंस कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हो गए. घायलों में तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है.

गिरिडीह में बेकाबू ब्रेजा ने कई वाहनों को रौंदा, 1 बच्चे की मौत, 9 घायल, गुस्साए ग्रामीणों ने गाड़ी में लगा दी आग
Image Credit: गिरिडीह में बेकाबू ब्रेजा ने कई वाहनों को रौंदा, गुस्साए ग्रामीणों ने गाड़ी में लगा दी आग (zee Media)

झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र में धनवार-सरिया मुख्य मार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां, तेज रफ्तार और अनियंत्रित ब्रेजा कार ने बाइक, एक ऑटो और दो अन्य बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में 15 वर्षीय बच्चे प्रिंस कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में तीन की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. इस हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची.

टक्कर की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा

जानकारी के अनुसार, ब्रेजा कार धनवार की ओर से आ रही थी. स्थानीय लोगों के मुताबिक कार का चालक नशे में था. उसने पहले आगे चल रही एक बाइक को टक्कर मारी. इसके बाद खोरीमहुआ की ओर से आ रहे ऑटो और दो अन्य बाइकों को टक्कर मारते हुए भागने लगा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज से पूरा इलाका दहल उठा. वहीं मृतक युवक प्रिंस की पहचान बांधी गांव निवासी संदीप शर्मा का बेटा के रूप में हुआ है. घायलों में दिवांशु, मुकेश मोदी, सुरेंद्र मोदी, राजीव कुमार, चांद रसीद, साजिद अंसारी समेत अन्य लोग शामिल हैं.

गाड़ियों में लगाई आग

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ब्रेजा कार समेत दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया. वहीं, धनवार रेफरल अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया. आक्रोशित लोगों ने डॉक्टर इंदु शेखर के सरकारी आवास पर ताला जड़ दिया. सूचना मिलने पर एसडीएम, एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार और धनवार थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराई. घटनास्थल पर भाजपा नेता सुबोध राय, अरविंद साहू समेत कई लोग भी पहुंचे.

ओवरटेक के चक्कर में गड्ढे में गिरीं दो गाड़ियां

वहीं दुसरी ओर बोकारो के हरला थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-9 में भी सड़क एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. मेला देखकर लौटने के दौरान ओवरटेक करने की कोशिश में स्कॉर्पियो और ऑल्टो दोनों सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरीं. हालांकि, इस हादसे में सभी लोग बाल-बाल बच गए और किसी को चोट नहीं आई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. किसी को भी गंभीर चोट लगने की आशंका नहीं है.

रिपोर्ट: मृणाल सिन्हा (गिरिडीह), मृत्युंजय मिश्रा (बोकारो)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More