SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

30 बेड, आधुनिक जांच उपकरण और विशेषज्ञ डॉक्टर... डुमरिया को मिला आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस अस्पताल

आजादी के बाद पहली बार डुमरिया को आधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल मिला है. स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने पारंपरिक पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर और नारियल फोड़कर अस्पताल का उद्घाटन किया.

Edited By Ranjana Kumari
Published: Sep 02, 2026, 12:21 PM IST | Updated: Sep 02, 2026, 02:09 PM IST
Image Credit: डुमरिया को मिला आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस अस्पताल
Join

झारखंड के अंतिम छोर पर बसे घाटशिला के सुदूरवर्ती और आदिवासी बहुल डुमरिया प्रखंड को आजादी के बाद पहली बार आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस भव्य अस्पताल की सौगात मिली है. करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सह अस्पताल का राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विधिवत लोकार्पण किया. स्वास्थ्य मंत्री ने पारंपरिक पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर और नारियल फोड़कर अस्पताल का उद्घाटन किया. 

अबुआ स्वास्थ्य कार्ड की सीमा ₹15 लाख करने की घोषणा

इस मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है. डुमरिया में आधुनिक अस्पताल का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने अबुआ स्वास्थ्य कार्ड की सीमा पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है. 

मुसाबनी-धालभूमगढ़ में अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री ने गुड़ाबांदा प्रखंड में जल्द ही नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के निर्माण की घोषणा की. इसके साथ ही उन्होंने मुसाबनी और धालभूमगढ़ में अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने का आश्वासन भी दिया. मुसाबनी में अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र की मांग लंबे समय से उठती रही है. मंत्री की घोषणा से क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि अब मुसाबनी समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा. 

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि एमजीएम जमशेदपुर सहित राज्य के तीन मेडिकल कॉलेजों में मेडिकल सीटों की संख्या बढ़ाई गई है. उन्होंने कहा कि मेडिकल शिक्षा के विस्तार से आने वाले समय में राज्य में डॉक्टरों की कमी को स्थायी रूप से दूर करने में मदद मिलेगी. केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य को केंद्र से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के बावजूद झारखंड सरकार करीब 12 हजार करोड़ रुपये का लोन लेकर रिम्स-2 का निर्माण करा रही है. उन्होंने दावा किया कि यह देश का सबसे बड़ा अस्पताल बनेगा. 

उन्होंने आरोप लगाया कि एमएमडीआर एक्ट में संशोधन के जरिए झारखंड के हिस्से के करीब 15 हजार करोड़ रुपये के सेस को रोकने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे राज्य की मंईयां सम्मान योजना और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार इसका मजबूती से विरोध करेगी.

बार-बार जमशेदपुर या घाटशिला की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी

उन्होंने कहा कि यदि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाएं, तो झारखंड में विकास की रफ्तार दोगुनी हो सकती है. पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि डुमरिया में आधुनिक अस्पताल शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए बार-बार जमशेदपुर या घाटशिला की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी. उन्होंने क्षेत्र की सड़क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में जल्द ही नरसिंहबहाल सड़क के शिलान्यास की बात भी कही. 

बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती और घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने अस्पताल में आधुनिक जांच उपकरण उपलब्ध कराने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति करने, मुसाबनी में अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र खोलने, क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की स्थापना और कभी नक्सल प्रभावित रहे गुड़ाबांदा प्रखंड में स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रखी. कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के कर्मी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे. 

रिपोर्ट: रणधीर सिंह

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES