)
धनबाद सांसद ढुल्लू महतो की बेटी की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. शादी को भव्य बनाने के लिए बड़े पैमाने पर इंतजाम किए जा रहे हैं. चर्चा है कि समारोह के लिए करीब 40 हजार निमंत्रण कार्ड छपवाए गए हैं. मगर, शादी की तैयारियों के बीच अब DMFT फंड से सड़क निर्माण और गरीबों के घर तोड़े जाने का मामला राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है.
कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने आरोप लगाया कि 30 करोड़ रुपये के DMFT फंड से करीब 7 किलोमीटर सड़क बनाई जा रही है. सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के नाम पर गरीब परिवारों के घर आनन-फानन में तोड़ दिए गए. उन्होंने सवाल उठाया कि विकास का काम जरूर होना चाहिए, लेकिन क्या इसकी कीमत गरीबों को अपना आशियाना गंवाकर चुकानी पड़ेगी? संतोष सिंह ने जिला प्रशासन पर भी चुप्पी साधने का आरोप लगाया और DMFT फंड के इस्तेमाल को लेकर जवाब मांगा.
कांग्रेस के आरोपों के बाद अब बीजेपी भी मैदान में उतर गई है. बाघमारा पहुंचे हजारीबाग और बड़कागांव के बीजेपी विधायकों ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला. बीजेपी विधायकों ने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए. कांग्रेस दिनोंदिन समाप्त होती जा रही है और अब बेटी की शादी को भी राजनीति का मुद्दा बना रही है. बीजेपी नेताओं ने सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस बार-बार बाघमारा में चुनाव क्यों हार रही है?
बाघमारा पहुंचे बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी ने कांग्रेस के आरोपों को ओछी राजनीति करार दिया. उन्होंने कहा कि विकास का काम कहीं भी हो, उस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. विकास कार्यों को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय उसका समर्थन करना चाहिए. बीजेपी विधायक ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि शादी जैसे पारिवारिक आयोजन को राजनीतिक विवाद का विषय बनाना उचित नहीं है.
सांसद की बेटी की शादी की तैयारियां अपनी रफ्तार से जारी हैं, लेकिन शादी को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. कांग्रेस DMFT फंड और गरीबों के टूटे आशियाने पर जवाब मांग रही है, तो बीजेपी इसे कांग्रेस की राजनीतिक हताशा बता रही है. अब बड़ा सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन DMFT फंड से हुए सड़क निर्माण और प्रभावित परिवारों के मामले में स्थिति स्पष्ट करेगा, या फिर शाही शादी का यह मुद्दा आने वाले दिनों में भी धनबाद की राजनीति को गरमाता रहेगा?
रिपोर्ट: नितेश मिश्रा