दिल्ली से चुराई गई थार रॉक्स रांची से बरामद, GPS की मदद से चोर तक पहुंचे मालिक, घर छोड़ भागा आरोपी
दिल्ली के ओखला से चोरी हुई कार रांची से पुलिस ने बरामद की है. गाड़ी के ओनर ने जीपीएस, दिल्ली पुलिस और रांची पुलिस की मदद से थार बरामद की. वहीं, आरोपी के घर से एक और थार, 2 सुपर स्पीड बाइक और 2 स्कूटी भी बरामद की गई हैं. घर से पीछे के दरवाजे से मुख्य आरोपी समीर फरार हो गया.
झारखंड की राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में पुलिस ने दिल्ली पुलिस और ट्रैवल एजेंसी से मिले इनपुट्स के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की थार रॉक्स को बरामद किया. दरअसल, राजधानी दिल्ली के ओखला थाना क्षेत्र से गायब हुई थार रॉक्स की शिकायत के बाद ट्रैवल एजेंसी के लड़के कड़ियों को जोड़ते हुए रांची पहुंचे और दिल्ली पुलिस और रांची पुलिस की मदद से संबंधित कार समेत 5 और मोटर व्हीकल्स को बरामद करवा दिया. हालांकि, मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देने में सफल रहा.
जीपीएस की मदद से भुक्तभोगी खुद रांची पहुंच गया
राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में उस वक्त हलचल बढ़ गई जब दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट्स के आधार पर रांची पुलिस ने वाहन चोरी के आरोप में अहले सुबह कांके इलाके में छापा मारा. दिल्ली के ओखला थाने में थार रॉक्स कार के चोरी होने की शिकायत दर्ज की गई थी. थाने में दर्ज शिकायत के बाद, विभिन्न कड़ियों को जोड़ते हुए और ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम यानी जीपीएस की मदद से भुक्तभोगी खुद रांची पहुंच गया.
मोडस ऑपरेंडी के तहत मोटर वाहनों की चोरी की जाती
रांची पहुंचने के बाद पीड़ित ने वाहन को ट्रेस किया और दिल्ली पुलिस को जानकारी दी गई. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने रांची पुलिस से इनपुट्स शेयर किए और पुलिस ने आरोपी के घर पर रेड मार दी. वहीं, पुलिस की यह छापेमारी उस वक्त और बड़ी साबित हुई जब टीम ने देखा कि आरोपी के घर में संबंधित चोरी की थार रॉक्स के साथ एक अन्य थार गाड़ी, दो महंगी सुपर स्पीड बाइक और दो स्कूटी मौजूद हैं. शुरुआती जांच में सभी वाहन चोरी के पाए गए, जिसमें ज्यादातर दिल्ली का नंबर लगा है, जिसे जब्त कर पुलिस थाने ले आई. जानकारी के मुताबिक, एक खास मोडस ऑपरेंडी के तहत मोटर वाहनों की चोरी की जाती है.
आरोपी के घर से अन्य महंगे वाहन भी बरामद किए गए
रांची पुलिस की यह कार्रवाई एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है, लेकिन दिल्ली के ट्रैवल एजेंसी के लोगों की भी तारीफ की जानी चाहिए जो जीपीएस ट्रैक करते हुए चोर तक पहुंच गए और अपनी चोरी की थार रॉक्स को बरामद करा लिया. इतना ही नहीं, आरोपी के घर से अन्य महंगे वाहन भी बरामद किए गए हैं जो शुरुआती जांच में चोरी के प्रतीत हो रहे हैं.
रिपोर्ट: कामरान जलीली
यह भी पढ़ें: गांव की महिला से इश्क लड़ा रहा था युवक, ग्रामीणों ने पकड़ा और कर दी पिटाई, धनबाद पुलिस ले गई थाने