)
धनबाद शहर को जोड़ने वाली कतरास-लोयाबाद मुख्य सड़क पर अब खतरा मंडरा रहा है. लोयाबाद पुलिस स्टेशन के इलाके में आने वाले पंजाबी मोड़ पर बंसजोरा वेब्रिज के पास की सड़क कुछ महीने पहले धंस गई थी. इसके बाद न तो BCCL और न ही जिला प्रशासन ने इसकी मरम्मत के लिए कोई कदम उठाया है. सड़क की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है. यह इलाका BCCL एरिया-5 के अंतर्गत आता है.
कई महीनों हो रहा गैस रिसाव
स्थानीय लोगों की माने, तो सड़क के किनारे पिछले कई महीनों से गैस रिसाव की समस्या भी उत्पन्न हो गई है, जिससे लोगों में चिंता और अधिक बढ़ती जा रही है. अब तक मिली जानकारी के अनुसार, कुछ महीने पहले पंजाबी मोड़ क्षेत्र में भू-धंसान की घटना भी हो चुकी है.
मार्ग की हालत हो रही खराब
उस समय बीसीसीएल द्वारा प्रभावित हिस्से में मिट्टी भराई कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया गया था. वहीं, अब एक बार फिर सड़क के धंसने और जगह-जगह दबने से मार्ग की हालत खराब होती जा रही है. केंदुआडीह-धनबाद मार्ग में गोफ भू-धसान की घटना होने के बाद से पिछले 7 महीने से आवाजाही बंद है.
जल्द सड़क को दुरुस्त करने की मांग
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक को दूसरे रास्तों से भेजने का काम किया जा रहा है. इस बीच, हाल ही में कटरास पुलिस स्टेशन इलाके में जमीन धंसने और सिंकहोल बनने की कई घटनाएं हुई हैं.
जिला प्रशासन और BCCL पर आरोप
स्थानीय लोगों को इस बात का डर है कि कहीं केन्दुआडीह-धनबाद रोड जैसी स्थिति न बन जाए और वे जिला प्रशासन और BCCL पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं. उन्होंने ट्रैफिक की आवाजाही जारी रखने के लिए सड़क की तुरंत मरम्मत की मांग की है.
रिपोर्ट: नितेश कुमार मिश्रा