)
धनबाद के भूली मोड़ में हुए गोलीकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. फहीम खान के भाई समेत तीन लोगों पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. बीते दिन यानी बुधवार (23 सितंबर, 2026) देर रात ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो शूटरों को गोली लगी. घायल अपराधियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
अपराधियों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार, धनबाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वासेपुर गोलीकांड में शामिल अपराधी ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी करनी शुरू कर दी और फिर अपराधियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा.
बताया जा रहा है कि इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई, जिसमें दो अपराधी घायल हो गए. पुलिस ने मौके से कुल चार अपराधियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ
एनकाउंटर में घायल अपराधियों की पहचान चंदन ठाकुर और प्रिंस के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, भूली मोड़ में फहीम खान के भाई समेत तीन लोगों पर हुई फायरिंग में चंदन ठाकुर मुख्य शूटर की भूमिका में था. जबकि प्रिंस कुमार बाइक चला रहा था.
आरोप है कि घटना के दौरान उसने ताबड़तोड़ आठ राउंड फायरिंग की थी. एनकाउंटर के दौरान चंदन ठाकुर के पैर और कमर में गोली लगी, जबकि दूसरे घायल अपराधी को भी इलाज के लिए असर्फी अस्पताल भेजा गया है. पुलिस अब गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और घटना में इस्तेमाल हथियारों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
रिपोर्ट: नितेश कुमार मिश्रा