बोकारो में भीषण ब्लास्ट: धमाके से उड़ गया घर के निचले तल्ले का कोना-कोना, बाल-बाल बचे पांच लोग
बोकारो के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के बारी कॉपरेटिव में रात करीब पौने 3 बजे जोरदार धमाका हुआ. इस धमाका में घर का निचला तल्ला बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में परिवार के पांच लोग बाल-बाल बच गए. इस घटना में करीब 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है.
Bokaro News: झारखंड के बोकारो के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के बारी कॉपरेटिव में एक घर में देर रात अचानक भीषण विस्फोट हो गया. धमाका इतना जोरदार था कि घर के निचले हिस्से का कोना-कोना उड़ गया और मकान को भारी नुकसान पहुंचा. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. विस्फोट की वजह गैस पाइपलाइन में गड़बड़ी मानी जा रही है, लेकिन घर में रखे दोनों गैस सिलेंडर सुरक्षित हैं. ऐसे में धमाका आखिर कैसे हुआ, यह जांच का विषय बना हुआ है.
घटना रात के करीब पौने तीन बजे की है
बताया जाता है कि यह घटना रात के करीब पौने तीन बजे की है. उस समय घर के सभी लोग गहरी नींद में सो रहे थे. इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे घर का निचला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. विस्फोट इतना भयानक था कि मकान का मलबा टूटकर इधर-उधर बिखर गया. घटना की तस्वीरों में घर को हुए नुकसान साफ दिखाई दे रही है. देर रात हुए इस धमाके से आसपास के इलाके में भी दहशत फैल गई.
ये भी पढ़ें: कोलकाता में भगदड़ के बाद मुजफ्फरपुर प्रशासन अलर्ट: DM और SSP ने देर रात पूजा पंडालों व ट्रैफिक व्यवस्था का लिया जायजा
पांच लोग बाल-बाल बचे
घर के मालिक अनिल कुमार झा के मुताबिक, घर में कलश स्थापना की गई थी. उन्होंने बताया कि घटना के समय निचले तल्ले में परिवार के पांच लोग सो रहे थे. अचानक हुए विस्फोट के बाद घर का बड़ा-बड़ा मलबा उनके ठीक सामने टूटकर गिरा. अच्छी बात यह रही कि परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए. अनिल कुमार झा के अनुसार, अगर मलबा किसी के ऊपर गिर जाता, तो बड़ी घटना हो सकती थी. हालांकि, इस विस्फोट में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है.
30 लाख के नुकसान का अनुमान
वहीं, इस घटना में करीब 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. घर के निचले तल्ले को भारी नुकसान हुआ है. हलांकि, शुरुआती में गैस पाइपलाइन को विस्फोट की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन दोनों गैस सिलेंडरों का सुरक्षित होना कई सवाल खड़े करता है. आखिर घर में इतना भीषण धमाका कैसे हुआ और मकान का निचला हिस्सा किस वजह से उड़ गया, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल विस्फोट के कारणों को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है.
रिपोर्ट: मृत्युंजय मिश्रा