SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

नितिन नवीन का झारखंड दौरा: गिरिडीह उपचुनाव की तैयारियों को धार देने रांची आ रहे हैं बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष

झारखंड में चुनावी चुनौतियों के मद्देनजर प्रदेश बीजेपी की अहम बैठक में शामिल होने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रांची आ रहे हैं. वह 23 अक्टूबर को रांची पहुंचेंगे. प्रदेश कार्यसमिति बैठक और उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे.

Edited By Shailendra
Published: Oct 15, 2026, 05:37 PM IST | Updated: Oct 15, 2026, 05:42 PM IST
Image Credit: बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 23 अक्टूबर को पहुंचेंगे रांची (Photo-ANI)
Join

झारखंड में संगठनात्मक फेरबदल और आगामी चुनावी चुनौतियों के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 24-25 अक्टूबर को रांची में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे. उनका यह दौरा खास तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि गिरिडीह विधानसभा सीट मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन के बाद खाली हुई है और आने वाले महीनों में यहां उपचुनाव की संभावना है.

बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 23 अक्टूबर को पहुंचेंगे रांची

इसके साथ ही पार्टी के सामने 2029 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए संगठन को मजबूत करने और राज्य में अपनी राजनीतिक स्थिति बेहतर बनाने की चुनौती भी है. बीजेपी के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 23 अक्टूबर को रांची पहुंचेंगे. वह 24 अक्टूबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे. बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है.

संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगे की रणनीति

पार्टी इसे संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगे की रणनीति तय करने के अवसर के रूप में देख रही है. राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब बीजेपी ने हाल में झारखंड में संगठन मंत्री, प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी के स्तर पर नई नियुक्तियां की हैं. ऐसे में कार्यसमिति की बैठक में नई संगठनात्मक टीम की प्राथमिकताओं, जिला और बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता और केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश इकाई के बीच बेहतर तालमेल पर चर्चा अहम मानी जा रही है.

उपचुनाव की तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई

गिरिडीह सीट पर संभावित उपचुनाव बीजेपी के लिए निकट भविष्य की एक महत्वपूर्ण राजनीतिक परीक्षा हो सकता है. इस चुनाव के नतीजे का असर राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक संदेश के लिहाज से भी देखा जाएगा. हालांकि, उपचुनाव की तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

यह भी पढ़ें:  कोई पात्र नागरिक न छूटे: झारखंड एसआईआर को लेकर सीईओ ने अधिकारियों को दिया निर्देश

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी महत्वपूर्ण

वहीं, 2029 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बीजेपी स्थानीय मुद्दों, जनसंपर्क, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और विपक्ष की रणनीति के अनुरूप अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी है. ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उनकी मौजूदगी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES