App

दुर्गापूजा में हुड़दंगियों की खैर नहीं: लातेहार में CCTV, ड्रोन और सोशल मीडिया पर रखी जाएगी पैनी नजर

लातेहार में जिला प्रशासन ने 8 अक्टूबर, 2026 दिन गुरुवार को दुर्गापूजा को लेकर मीटिंग की. इस मीटिंग में पुलिस को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया. साथ ही कहा गया कि दुर्गापूजा में हुड़दंग करने को छोड़ा नहीं जाएगा, इन लोगों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा.

दुर्गापूजा में हुड़दंगियों की खैर नहीं: लातेहार में CCTV, ड्रोन और सोशल मीडिया पर रखी जाएगी पैनी नजर
Image Credit: लातेहार में प्रशासन ने कसा शिकंजा, सोशल मीडिया से सड़क तक रहेगी नजर (Photo-AI)

झारखंड के लातेहार जिला में दुर्गापूजा और दशहरा में अगर किसी ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, भ्रामक खबर फैलाई या सड़क पर नियमों की अनदेखी की, तो कार्रवाई तय है. लातेहार में पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा का पूरा खाका तैयार कर लिया है. असामाजिक तत्वों पर नजर से लेकर सोशल मीडिया की निगरानी और सड़क पर विशेष अभियान तक, इस बार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है.

दुर्गापूजा और दशहरा को लेकर आयोजित शांति समिति की बैठक में उपायुक्त ने कहा कि पर्व के दौरान लोगों की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है. ऐसे तत्वों और अपराधियों पर निगरानी रखी जा रही है, जिनसे किसी तरह की अप्रिय घटना की आशंका हो सकती है. जरूरत के अनुसार निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है. पूजा पंडालों और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी, पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी. सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जाएगा.

पंडाल समितियों को दिए जाएंगे जरूरी निर्देश
प्रशासन ने जिले में बनाए जा रहे पूजा पंडालों और पूजा समितियों को लेकर भी विशेष तैयारी की है. सभी पंडाल समितियों के अध्यक्ष और सचिव के साथ संबंधित अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी विशेष बैठक करेंगे. बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा. सड़क किनारे फुटपाथ, गंदगी और आवागमन से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए भी सफाई और व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.

सोशल मीडिया पर भी रहेगी पैनी नजर
प्रशासन ने सोशल मीडिया को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है. अधिकारियों के अनुसार जिले में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम सक्रिय है, जो WhatsApp ग्रुप, फेसबुक और इंस्टाग्राम समेत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नजर रख रही है. भ्रामक, अफवाह फैलाने वाली या विद्वेषपूर्ण सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से भी सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट खबर को आगे बढ़ाने से बचने की अपील की है.

वहीं, लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि अपराधी तत्वों पर नजर रखी जा रही है और सड़क पर भी विशेष अभियान चलेगा. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराना भी पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है. इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की जा रही है.

सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है. एसपी के निर्देश पर डीटीओ, एसडीपीओ और सभी थाना प्रभारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है. ड्रिंक और ड्राइव, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने और तेज रफ्तार जैसी गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी. यह अभियान दुर्गापूजा से पहले शुरू होकर दशहरा समाप्त होने तक जारी रहेगा.

नाबालिगों की तेज रफ्तार पर भी नजर
पर्व के दौरान नाबालिगों की ओर से तेज रफ्तार में वाहन चलाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने की आशंका को देखते हुए सड़क सुरक्षा अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है. पुलिस और परिवहन विभाग ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखेंगे.

जिला प्रशासन ने कहा कि लातेहार में हमेशा की तरह दुर्गापूजा और दशहरा सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का प्रयास है. इसके लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और जिलेवासियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं. प्रशासन ने लोगों से पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने और किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर भरोसा न करने की अपील की है.

रिपोर्ट : संजीव कुमार गिरी

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More