)
झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने 1 सिंतबर, 2026 दिन मंगलवार को जमशेदपुर के सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत की. इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने विभाग की नई योजनाओं की जानकारी शेयर की.
अन्य राज्यों से डॉक्टरों की नियुक्ति
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बताया कि झारखंड के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी पूरी करने के लिए बेंगलुरु, केरल और तमिलनाडु से लगभग 2,000 विशेषज्ञ डॉक्टरों को अनुबंध पर लाया जा रहा है. इन डॉक्टरों को 3 लाख रुपए तक का मासिक वेतन दिया जाएगा.
जमशेदपुर का विकास
उन्होंने बताया कि जमशेदपुर शहर को एक प्रमुख मेडिकल हब के रूप में विकसित करने की योजना है. इसके तहत एमजीएम अस्पताल, सदर अस्पताल और कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा. एमजीएम समेत सभी सरकारी अस्पतालों में सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनों के लिए टेंडर जारी हो चुके हैं.
एमजीएम कॉलेज में सीटों का विस्तार
इरफान अंसारी ने बताया कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज में मेडिकल उपकरणों और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 600 करोड़ रुपए का फंड मंजूर हुआ है. इसके साथ ही एमबीबीएस की सीटें बढ़ाकर 250 और पीजी (PG) की सीटें 150 की जाएंगी.
अस्पताल प्रबंधन और जवाबदेही
झारखंड हेल्थ मिनिस्टर ने कहा कि एमजीएम में लिफ्ट और वेंटिलेटर की समस्या का समाधान जल्द किया जाएगा. डॉक्टरों की गैरहाजिरी के कारण हुई मरीजों की मौत के मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी.
डिजिटल हेल्थ और एआई
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बताया कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल रूप देने के लिए गूगल के साथ समझौता (MoU) किया गया है, जिसके तहत स्वास्थ्य प्रणाली में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग बढ़ाया जाएगा. वहीं, रांची में बन रहे रिम्स 2 (RIMS 2) को राज्य के लिए एक बड़ा स्वास्थ्य केंद्र माना जा रहा है.