SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language
LIVE NOW

UP-बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र में MLC की 28 सीटों वोटिंग संपन्न

देश के चार राज्यों की 28 विधान परिषद की सीटों पर वोटिंग संपन्न चुकी है. महाराष्ट्र, यूपी, बिहार और कर्नाटक में आज स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के वोटर्स ने बैलेट बॉक्स में अपने उम्मीदवारों को चुन लिया है. वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी.

Written By abhinav tripathi
Published: Oct 23, 2026, 07:47 AM IST | Updated: Oct 23, 2026, 11:03 PM IST
Image Credit: देश के राज्यों की 28 विधानपरिषद की सीटों पर हो रहे मतदान. (फोटो- एआई)
Join

MLC Elections 2026 उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र इन चार राज्यों में विधान परिषद (MLC) की कुल 28 सीटों पर चुनाव के लिए आज मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. शुक्रवार सुबह 8 बजे से शुरू हुआ वोटिंग का सिलसिला शाम 4 बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से चला.

किन राज्यों में कितनी सीटों पर मतदान?

चारों राज्यों में खाली हुई सीटों को भरने के लिए आज वोट डाले गए:

  • उत्तर प्रदेश: सबसे ज्यादा 11 सीटों पर मतदान हुआ.
  • बिहार: राज्य की 8 सीटों के लिए प्रतिनिधियों ने अपने वोट डाले.
  • महाराष्ट्र: यहां 5 सीटों पर मुकाबला देखने को मिला.
  • कर्नाटक: राज्य की 4 सीटों पर वोटिंग की प्रक्रिया संपन्न हुई.

कैसा रहा आज का चुनावी शेड्यूल?

चारों राज्यों में वोटिंग के लिए एक समान समय तय किया गया था. सुबह 8 बजे मतदान केंद्र खुलते ही वोट डालने का काम शुरू हो गया. मतदाता शाम 4 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके, जिसके बाद पोलिंग बूथों पर वोटिंग की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से समाप्त हो गई.

क्यों अहम हैं ये चुनाव?

विधान परिषद चुनाव राज्यों की राजनीति के लिहाज से बेहद खास माने जाते हैं. इन 28 सीटों के नतीजों से विधान परिषद में राजनीतिक दलों का गणित और समीकरण बदल सकता है. वोटिंग पूरी होने के बाद अब सभी की निगाहें आने वाले नतीजों और वोटों की गिनती पर टिकी हुई हैं.
 

यूपी की ये सीट बनी हाई प्रोफाइल

आपको जानना चाहिए कि गोरखपुर-फैजाबाद सीट पर मुकाबला अहम माना जा रहा है. ऐसा इसलिए क्योंकि यह सीएम योगी आदित्यनाथ के गृहक्षेत्र और राजनीतिक गढ़ से जुड़ी है. बीजेपी और सपा के बीच इस सीट पर कांटे की टक्कर मानी जा रही है. दोनों दलों ने यहां पर जीत के लिए अपना पूरा जोर लगा दिया है. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव इस सीट के चुनाव पर नजर बनाए हुए हैं. वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी खुद मोर्चा संभाले रखा.

23 Oct 2026, 5:58 PM

बिहार में स्नातकों का मतदान बहुत धीमा- 4 बजे तक 47.87% वहीं टीचर्स की 74.55 फीसदी वोटिंग

बिहार विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 2026 के चुनावों में दोपहर 04:00 बजे तक दर्ज किए गए मतदान के आंकड़े ऐसे रहे-

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (Graduates' Constituency)

स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल मतदान प्रतिशत 43.87% दर्ज किया गया.

कोसी स्नातक: 52.51% मतदान के साथ सबसे आगे रहा. तिरहुत स्नातक: 42.15%,   दरभंगा स्नातक: 42.00%,   पटना स्नातक: 36.19%  

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (Teachers' Constituency)

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल मतदान प्रतिशत काफी अधिक यानी 74.55% रहा.

सारण शिक्षक: 87.16% मतदान के साथ सबसे ऊपर रहा. दरभंगा शिक्षक: 79.00%,   तिरहुत शिक्षक: 78.10%,   पटना शिक्षक: 56.89%,   इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की तुलना में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं में मतदान के प्रति अधिक उत्साह देखने को मिला है.
 

23 Oct 2026, 5:04 PM

MLC चुनाव की वोटिंग खत्म: बक्से में बंद वोटर्स का फैसला; SP-BJP में कौन मारेगा बाजी?

उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव को लेकर वोटिंग का समय खत्म हो चुका है. यूपी में 11 एमएलसी सीटों के लिए वोटिंग हो रही थी. इस चुनाव में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी आमने-सामने हैं.

23 Oct 2026, 4:45 PM

केंद्र से भी किसी तरह की फर्जी वोटिंग, हिंसा या हंगामा की कोई खबर नहीं

जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी द्वारा जारी रिपोर्ट में बताया गया कि चुनाव के दौरान किसी भी केंद्र से फर्जी वोटिंग, हिंसा, किसी प्रकार का हंगामा या वोटिंग रुकने जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है. प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को एकदम सामान्य बताया है. अधिकारियों का कहना है कि सभी मतदान केंद्रों पर व्यवस्था दुरुस्त रही और लोगों ने बिना किसी परेशानी के नियम-कायदों के तहत अपना वोट डाला. कुल मिलाकर, जिले में पूरे दिन चुनावी माहौल शांत और अनुशासित बना रहा.
 

23 Oct 2026, 4:15 PM

गाजियाबाद में शांतिपूर्वक जारी MLC चुनाव, अब तक किसी भी तरह की शिकायत नहीं

गाजियाबाद में मेरठ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के लिए वोटिंग पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में जारी रही. दोपहर 2 बजे तक मिली जानकारी के मुताबिक, स्नातक सीट पर 18 प्रतिशत और शिक्षक सीट पर 37 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल किया.
 

23 Oct 2026, 4:05 PM

स्नातक सीटों पर वोटिंग के मामले में आगरा सबसे आगे

वहीं दूसरी तरफ, स्नातक सीटों की बात करें तो आगरा में सबसे अधिक 32% मतदान हुआ है. मेरठ में 30.38%, वाराणसी में 28.59% और लखनऊ स्नातक सीट पर 27.53% वोट पड़े. इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर मतदाताओं की भागीदारी सबसे कम रही, जहां महज 26.30% लोगों ने ही मताधिकार का इस्तेमाल किया.
 

23 Oct 2026, 3:50 PM

बरेली-मुरादाबाद के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा वोटिंग

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा 59.17% मतदान बरेली-मुरादाबाद सीट पर दर्ज किया गया. इसके बाद वाराणसी में 57.97% और गोरखपुर-फैजाबाद में 56.32% शिक्षकों ने अपने वोट डाले, वहीं लखनऊ शिक्षक सीट पर 36.50% वोटिंग हुई.
 

23 Oct 2026, 3:35 PM

टीचर्स की सीटों पर वोटिंग की स्पीड तेज, स्नातक सीटों पर स्लो वोटिंग

उत्तर प्रदेश विधान परिषद (UP MLC) की 11 सीटों के लिए मतदान चल रहा है, जिसमें दोपहर 2 बजे तक कुल 40.87% वोट पड़े हैं. इनमें 5 स्नातक (ग्रेजुएट) और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. चुनावी रुझान देखें तो शिक्षक सीटों पर मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है, जबकि स्नातक सीटों पर वोटिंग की चाल थोड़ी धीमी बनी हुई है.

23 Oct 2026, 3:15 PM

सिधौली में बीजेपी ने पुलिस पर सपा के लिए पक्षपात का लगाया आरोप

सिधौली मतदान केंद्र पर माहौल और भी ज़्यादा तनावपूर्ण हो गया. यहां पासा पलट गया और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ही पुलिस प्रशासन पर सपा के एजेंट की तरह पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल काटा. विवाद इस हद तक बढ़ गया कि हालात काबू से बाहर होने लगे. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि अपनी सुरक्षा के खतरे को देखते हुए संबंधित दरोगा को मतदान केंद्र से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी.

23 Oct 2026, 2:45 PM

सीतापुर और सिधौली वोटिंग सेंटर पर सियासी ड्रामा

एमएलसी चुनाव के दौरान सीतापुर शहर और सिधौली के मतदान केंद्रों पर भारी राजनीतिक ड्रामा और हंगामा देखने को मिला. सीतापुर शहर में सपा के पूर्व विधायक राधे श्याम जायसवाल की ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी बहस हो गई. उन्होंने ऑन-ड्यूटी दरोगा पर निष्पक्षता भूलकर बीजेपी के एजेंट की तरह काम करने का सीधा आरोप लगाया.
 

23 Oct 2026, 2:07 PM

बिहार में जारी है मतदान

बिहार विधान परिषद् के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का द्विवार्षिक निर्वाचन -2026  के दौरान वैशाली में जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मतदान केंद्रों का भ्रमण किया गया. 

 

23 Oct 2026, 1:55 PM

यूपी में कहां कितने प्रतिशत वोटिंग

शिक्षक/स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (मतदान प्रतिशत - दोपहर 12 बजे तक)

  • ​बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक: 38.16%
  • ​गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक: 36.07%
  • ​वाराणसी खण्ड शिक्षक: 34.71%
  • ​मेरठ खण्ड शिक्षक: 32.44%
  • ​आगरा खण्ड शिक्षक: 26.70%
  • ​मेरठ खण्ड स्नातक: 18.12%
  • ​आगरा खण्ड स्नातक: 18.05%
  • ​लखनऊ खण्ड शिक्षक: 16.61%
  • ​लखनऊ खण्ड स्नातक: 15.73%
  • ​वाराणसी खण्ड स्नातक: 15.08%
  • ​इलाहाबाद-झाँसी खण्ड स्नातक: 13.35%

​कुल मतदान प्रतिशत

​दोपहर 12:00 बजे तक का 24.09% रहा है

23 Oct 2026, 1:35 PM

बिहार में दोपहर 12 बजे तक कितने फीसदी वोटिंग

बिहार की 8 एमलसी सीटों पर वोटिंग जारी है. इनमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं. दोपहर 12 बजे तक स्नातक के लिए कुल 12.88 फीसदी और  शिक्षक निर्वाचन में  30.19 फीसदी वोटिंग हुई. 

 

23 Oct 2026, 1:32 PM

यूपी में सुबह 10 बजे तक कितना मतदान

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 05 खण्ड स्नातक एवं 06 खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 में सुबह 10 बजे तक 8.50 प्रतिशत वोटिंग हुई. 

23 Oct 2026, 1:02 PM

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने किया मतदान

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने केशवापुर के फातिमा हाई स्कूल में अपनी पत्नी के साथ वेस्टर्न ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए अपना वोट डाला. 

 

23 Oct 2026, 12:24 PM

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने किया मतदान

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स एमएलसी चुनाव के लिए अपना वोट डाला. उन्होंने कहा कि मैंने ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मतदान किया है. पांच जगहों पर वोटिंग चल रही है, और मैं सभी से अपील करता हूं कि लोकतंत्र के इस उत्सव में बड़ी संख्या में हिस्सा लें और अपना वोट डालें.

 

23 Oct 2026, 12:19 PM

यूपी में मतदान के बीच हंगामे की खबर

इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं. इस बीच समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया है कि  विजयीपुर ब्लाक कार्यालय में बनें बूथ नंबर 159 में बीजेपी कार्यकर्ता धांधली कर रहे हैं.  

23 Oct 2026, 11:50 AM

प्रयागराज में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

इलाहाबाद-झांसी ग्रेजुएट्स एमएलसी सीट के लिए मतदान चल रहा है. निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील मतदान केंद्रों पर भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) के जवानों को तैनात किया गया है.

 

23 Oct 2026, 11:24 AM

अनुप्रिया पटेल ने किया मतदान

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि मैंने वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नेतृत्व वाले NDA उम्मीदवार के पक्ष में अपना वोट डाला है. मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे सभी NDA और भाजपा उम्मीदवार जीतेंगे, चाहे वे स्नातक MLC निर्वाचन क्षेत्र हों या शिक्षक MLC निर्वाचन क्षेत्र. 

 

23 Oct 2026, 11:07 AM

एमलसी चुनाव के बीच मोकामा में बवाल

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत मोकामा में अनंत समर्थक और नीरज समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की हुई है. पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए बीच बचाव किया. इस दौरान 5 लोगों को हिरासत में भी लिए जाने की सूचना है. मोकामा प्रखंड कार्यालय के पास जनसुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज और एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला. 

23 Oct 2026, 11:00 AM

कांग्रेस विधायक ने क्या कहा?

कांग्रेस विधायक विश्वजीत कदम ने कहा कि महाराष्ट्र में कई जगहों पर विधान परिषद के चुनाव चल रहे हैं. पश्चिमी महाराष्ट्र में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव हो रहे हैं. महाराष्ट्र और देश के मौजूदा हालात को देखते हुए, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता शिक्षित हैं और वे समाज तथा देश में क्या हो रहा है, इस बारे में अच्छी तरह जानते हैं. 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES