)
भारत की लगभग 65% आबादी 35 वर्ष से कम उम्र की है. दुनिया के किसी देश में इतनी 'युवा शक्ति' नहीं है. देश का भविष्य तय करने वाली यह 'युवा शक्ति' अब भटक रही है. देश की एक बड़ी आबादी आज 'नशे की गिरफ्त' में है, इनमें युवाओं की बड़ी संख्या शामिल है. शौक-शौक में किया गया 'नशे का सेवन', बाद में लत में बदल जाता है. 'नशे की गिरफ्त' में आए युवा ना सिर्फ अपनी जिंदगी को बर्बाद कर देते हैं, बल्कि अपने परिवार, समाज और देश पर बोझ बन जाते हैं. मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है. ज़ी मीडिया (Z Media) तो अपनी जिम्मेदारी को निभाने के लिए तैयार है, लेकिन हमें आपके समर्थन की जरूरत है. एक 'स्वस्थ्य भारत' का निर्माण करने के लिए ज़ी मीडिया (Z Media) ने नशे के विरुद्ध एक देशव्यापी युद्ध शुरू किया है. आइए, देशव्यापी 'नशा मुक्त भारत' अभियान में आप भी हमारा सहयोग कीजिए.
नशे के खिलाफ Z Media का अभियान
देशव्यापी 'नशा मुक्त भारत' अभियान का उद्देश्य नशीले पदार्थों के सेवन होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है और 'नशा मुक्त भारत' बनाने की दिशा में सामूहिक कदम उठाने के लिए लोगों को प्रेरित करना है. इस अभियान की शुरुआत 16 नवंबर को ज़ी न्यूज के प्रमुख शो 'DNA' से हुई है, जिसे मैनेजिंग एडिटर राहुल सिन्हा होस्ट करते हैं. आने वाले हफ्तों में इस पहल के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. देशभर में फैले हमारे संवाददाता ऐसी खबरों को लेकर आएंगे, जो नशा मुक्ति के लिए प्रेरणा का काम करेंगी. इसके अलावा 'नशे के सौदागरों' को भी हम बेनकाब करेंगे. ज़ी मीडिया अपने नेटवर्क के जरिए इन कहानियों को बड़े पैमाने पर प्रसारित करेगा, ताकि यह अभियान ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके.
ज़ी मीडिया लाएगा बदलाव- CEO रक्तिम दास
इस अभियान के बारे में जानकारी देते हुए ज़ी मीडिया के CEO रक्तिम दास ने बताया कि 'नशे की लत' से व्यक्ति का जीवन बर्बाद हो जाता है. उसका परिवार भी परेशान रहता है. नशे के सेवन से शरीर पर कई दुष्परिणाम पड़ते हैं. कई गंभीर बीमारियां होने का खतरा बना रहता है. उन्होंने कहा कि तंबाकू और उससे जुड़े नशीले पदार्थों के सेवन से कैंसर होने की संभावना काफी बढ़ जाती है. इसी तरह से शराब के सेवन से किडनी खराब हो जाती है. जिस व्यक्ति को ऐसी गंभीर बीमारियां हो जाती हैं, उनका परिवार बर्बाद हो जाता है. देश को भी इससे नुकसान होता है, क्योंकि स्वस्थ्य होने पर वह शख्स देश के विकास में अहम योगदान दे सकता था. उन्होंने कहा कि ज़ी मीडिया अपने प्लेटफॉर्म्स की उस बड़ी ताकत को समझता है, जो सार्थक बदलाव लाने में सक्षम है.
देश की जरूरत है 'नशा मुक्त' समाज
ज़ी मीडिया के CEO रक्तिम दास ने आगे कहा कि 'नशा मुक्त भारत' अभियान के जरिए हम अपने टेलीविजन, डिजिटल और सोशल मीडिया इकोसिस्टम की संयुक्त ताकत का इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि 'नशा मुक्त भारत' का संदेश देश के कोने-कोने तक पहुंचाया जा सके. उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि नशीले पदार्थों की समस्या से निपटने के लिए लगातार जागरूकता, सामूहिक जिम्मेदारी और समुदाय की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. एक नशा मुक्त समाज बनाना न केवल एक सामाजिक जरूरत है, बल्कि यह हमारे देश के स्वास्थ्य, लोगों की आकांक्षाओं और हमारे भविष्य की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है.
पूरे समाज के लिए हानिकारक है नशा
इसी कड़ी में ज़ी न्यूज के मैनेजिंग एडिटर राहुल सिन्हा ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन केवल किसी व्यक्ति या परिवार की समस्या नहीं है, यह एक बड़ी सामाजिक चुनौती है. नशे की लत हमारे युवाओं की क्षमताओं और हमारे देश के भविष्य के लिए बड़ खतरा है. 'नशा मुक्त भारत' के जरिए हम खोजी पत्रकारिता को संघर्ष, साहस और बदलाव की वास्तविक कहानियों के साथ जोड़ना चाहते हैं. हमारा प्रयास है कि हम इस मुद्दे पर लोगों को जागरुक करें.
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत नशीले पदार्थों के सेवन के पीछे की सच्चाई को सामने लाएं और इस समस्या से लड़ रहे लोगों की आवाज को बुलंद करें. उन्होंने कहा कि 'नशा मुक्त भारत' केवल एक सपना नहीं है, बल्कि एक मजबूत और 'विकसित भारत' की दिशा में उठाया गया एक जरूरी कदम है. उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य एक समझदारी भरी बहस को बढ़ावा देना और नागरिकों को प्रेरित करना है ताकि वे आगे आएं और इसमें सक्रिय रूप से हिस्सा लें.