App

यूरिया उत्पादन में आत्मनिर्भर बनेगा भारत! गेल और कृभको मिलकर आंध्र प्रदेश में लगाएंगे नया प्लांट, ₹13,500 करोड़ का होगा निवेश

गेल और कृभको ने आंध्र प्रदेश में 13,500 करोड़ रुपये के निवेश से गैस आधारित यूरिया प्लांट लगाने के लिए MoU पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसकी सालाना उत्पादन क्षमता 12.70 लाख मीट्रिक टन होगी.

यूरिया उत्पादन में आत्मनिर्भर बनेगा भारत! गेल और कृभको मिलकर आंध्र प्रदेश में लगाएंगे नया प्लांट, ₹13,500 करोड़ का होगा निवेश
Image Credit: इस प्रस्तावित परियोजना में करीब 13,500 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है। सोशल मीडिया

भारत को उर्वरक उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और यूरिया की बढ़ती घरेलू मांग को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है. गेल (इंडिया) लिमिटेड और कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (कृभको) ने आंध्र प्रदेश में गैस आधारित उर्वरक परियोजना स्थापित करने की संभावनाओं का पता लगाने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं.

1.27 मिलियन मीट्रिक टन यूरिया का उत्पादन करने की योजना

इस प्रस्तावित परियोजना में करीब 13,500 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है. दोनों कंपनियों के बीच ये समझौता 12 नवंबर 2026 को हुआ था. इस परियोजना के तहत हर साल 12.70 लाख मीट्रिक टन यानी 1.27 मिलियन मीट्रिक टन यूरिया का उत्पादन करने की योजना है. यह पहल केंद्र सरकार के आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती देने के साथ देश में यूरिया उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में अहम मानी जा रही है.

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में बनेगा प्लांट

इस प्रस्तावित गैस आधारित यूरिया उत्पादन प्लांट आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के मुलापेटा में स्थापित करने की योजना है. इसके लिए गेल की श्रीकाकुलम-अंगुल प्राकृतिक गैस पाइपलाइन (SAPL) के नजदीक स्थान प्रस्तावित किया गया है. इस परियोजना को गेल और कृभको के संयुक्त उद्यम (Joint Venture) के माध्यम से आगे बढ़ाने की योजना है. इसके लिए दोनों कंपनियां लगभग 13,500 करोड़ रुपये का निवेश कर सकती हैं.

चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में हुआ समझौता

गेल और कृभको के बीच इस समझौता ज्ञापन पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए. इस मौके पर कृभको की ओर से अध्यक्ष सुधाकर चौधरी, प्रबंध निदेशक एस.एस. यादव, कार्यकारी निदेशक (तकनीकी) सी.एस. आजाद और कार्यकारी निदेशक एवं संयंत्र प्रमुख पी. चंद्र मोहन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. इसके अलावा गेल (इंडिया) लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों और आंध्र प्रदेश आर्थिक विकास बोर्ड (APEDB) के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया.

किसानों को क्या होगा फायदा?

इस परियोजना का एक प्रमुख उद्देश्य भारत की आयातित यूरिया पर निर्भरता को कम करना है. भारत में कृषि क्षेत्र के लिए यूरिया एक महत्वपूर्ण उर्वरक है और इसकी मांग को देखते हुए घरेलू उत्पादन क्षमता बढ़ाना जरूरी है. गेल के पास प्राकृतिक गैस के बुनियादी ढांचे से जुड़ा अनुभव है, जबकि कृभको को उर्वरक उत्पादन और सहकारी नेटवर्क के जरिए किसानों तक पहुंच बनाने का व्यापक अनुभव है. दोनों कंपनियों की विशेषज्ञता से इस परियोजना को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Gaurav Singh

Gaurav Singh

जी न्यूज में सीनियर सब-एडिटर हैं और वर्तमान में बिजनेस व फाइनेंशियल न्यूज कवर करते हैं.  देश की राजनीति से लेकर दुनिया के बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों और घटनाओं को कवर कर चुके हैं  पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो UPTU से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है. उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गौरव ने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल मीडिया से की और पिछले 6 वर्षों से लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. आप गौरव सिंह से Gaurav.Singh@India.Com पर ईमेल के जरिए सीधे जुड़ सकते हैं. 
Read More