)
कभी नक्सलवाद के खिलाफ जंग का सबसे बड़ा मोर्चा रहा बस्तर, अब एक नए बदलाव का गवाह बन रहा है. नक्सलवाद के खात्मे के बाद यहां तैनात सुरक्षा बलों की भूमिका और तैनाती बदलने लगी है. सुकमा में तैनात सीआरपीएफ की एक बटालियन को मणिपुर भेजने की तैयारी है. यानी बस्तर में नक्सल मोर्चे पर मिली कामयाबी के बाद अब जवानों की तैनाती दूसरे संवेदनशील इलाके में की जा रही है.
हालांकि, कहानी यहीं खत्म नहीं होती, जिन कैंपों में कभी नक्सलियों के खिलाफ रणनीति बनती थी, अब उन्हीं कैंपों में रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिखने की तैयारी है. छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने बताया कि खाली हो रहे सीआरपीएफ कैंप अब सेवा डेरा बनेंगे.
बनाए जाएंगे 20-20 महिलाओं के ग्रुप
बस्तर की महिलाओं को इमली प्रसंस्करण, मिलेट्स, धान प्रसंस्करण और सिलाई जैसे कामों से जोड़ा जाएगा. 20-20 महिलाओं के समूह तैयार कर प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर दिए जाएंगे. कोशिश है कि बस्तर के जंगलों और गांवों में तैयार होने वाले उत्पाद अब बिचौलियों के बजाय सीधे बाजार तक पहुंचें और स्थानीय लोगों की आमदनी का जरिया बनें.
छत्तीसगढ़ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा, 'राज्य में जैसे-जैसे क्षेत्र सुरक्षित हो रहे हैं और सीआरपीएफ के कैंप खाली हो रहे हैं, वहां केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के तहत 'सेवा डेरा' की शुरुआत की जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकताओं के अनुरूप इन कैंपों के माध्यम से स्थानीय पंचायतों की बहनों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का खाका तैयार किया गया है. इसके तहत इमली प्रसंस्करण, स्थानीय मिलेट्स (मोटा अनाज), पारंपरिक तरीके से कुटा हुआ धान-चावल और सिलाई प्रशिक्षण जैसे रोजगारोन्मुख कार्य शुरू किए जा रहे हैं.'
उन्होंने कहा, 'हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नेतानार क्षेत्र में इस अनूठी पहल की शुरुआत की गई थी. इसके तहत हर बैच में लगभग 20 महिलाओं का एक स्लॉट तैयार कर उन्हें विभिन्न कौशल प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं. सुरक्षा बलों के खाली हो रहे इन कैंपों में 'सेवा डेरा' के विस्तार से वहां की बेटियों और युवाओं को सीधा रोजगार मिलेगा. पारंपरिक रूप से जो स्थानीय उत्पाद बिचौलियों या अन्य माध्यमों से बाहरी शहरों में जाते थे, अब वे सीधे तौर पर इन स्थानीय समूहों के माध्यम से बाजार तक पहुंचेंगे, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी.'