900 मीटर लंबा, 30 मीटर चौड़ा और 30 मीटर गहरा, क्यों खास है 4200 करोड़ से कामराजार पोर्ट पर बनने वाला नया कंटेनर टर्मिनल? PM ने बताई खासियत
चेन्नई के कामराजार बंदरगाह पर दूसरी कंटेनर टर्मिनल को मंजूरी मिल गई है. इसको दो चरणों में तैयार किया जाएगा. इसको बनाने की अनुमानित लगा 4200 करोड़ होगी. पीएम मोदी ने बताया कि इसके तैयार हो जाने के बाद ये टर्मिनल दुनिया के बड़े-बड़े जहाजों के लिए भारत के दरवाजे खोल देगा.
बुधवार (25 नवंबर) को पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई, जिसमें कई प्रस्तावों को मंजूरी मिली. इसमें सबसे अधिक चर्चा चेन्नई स्थित कामराजार पोर्ट लिमिटेड (KPL) में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास परियोजना को लेकर की जा रही है. इस प्रोजेक्ट की लागत करीब 4,288 करोड़ रुपये है. सबसे खास है कि यह नया टर्मिनल न केवल दक्षिण भारत के निर्यात-आयात व्यापार पर नई ऊंचाईंयों पर ले जाएगा, बल्कि दुनिया के बड़े-बड़े जहाजों के लिए भारत के दरवाजे खोल देगा.
मंत्रिमंडल के इस फैसले की जानकारी खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दी. पीएम ने लिखा कि क्या हो अगर एक ऐसा फैसला लिया जाए जो भारत के इन लक्ष्यों को मजबूती दे. उन्होंने कहा कि कैबिनेट द्वारा लिया गया फैसला, एक ही बार में इन तीनों लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में एक बड़ा कदम है! तमिलनाडु के कामराजार बंदरगाह पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास से जुड़े इस फैसले से सालाना 2 मिलियन टीईयू की कंटेनर-हैंडलिंग क्षमता जुड़ेगी. दुनिया के कुछ सबसे बड़े कंटेनर जहाजों का सीधे यहां आना संभव हो सकेगा.
बंदरगाह की डिजाइन इसको बनाती है खास
इस परियोजना को पीपीपी मॉडल के जरिए तैयार किया जाएगा. परियोजना की अनुमानिक लगत करीब 4,288.26 करोड़ रुपए है. बनने वाले नए टर्मिलन की सबसे बड़ी खासियत इसका आकार और गहराई है. इसको करीब 900 मीटर लंबा बनाया जाएगा. इसके साथ ही बंदरगाह की बर्थ की चौड़ाई 30 मीटर और डिजाइन ड्राफ्ट की गहराई 18 मीटर होगी.
बताया जाता है कि इतनी गहराई होने के कारण 400 मीटर तक की लंबाई वाले दुनिया के बड़े कंटेनर जहाज यहां पर आसानी से आ जा सकेंगे. इससे पहले बंदरगाह पर इतने बड़े जहाजों को आने की व्यवस्था नहीं थी. इस बंदरगाह के तैयार होने के बाद भारत की अंतरराष्ट्रीय मार्गों से सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी.
क्यों जरूरी है ये परियोजना?
केंद्र का कहना है कि इस परियोजना का असली उद्देश्य चेन्नई-एन्नोर औद्योगिक और आर्थिक क्षेत्र के साथ-साथ दक्षिण भारत के व्यापक आंतरिक क्षेत्रों से कंटेनर आधारित निर्यात-आयात (एक्जिम) माल की बढ़ती मांग को पूरा करना है. बताया जाता है कि नए बंदरगाह की वार्षिक कंटेनर हैंडलिंग क्षमता 20 फुट इक्विवेलेंट यूनिट्स (टीईयू) में 20 लाख होगी, पूरे प्रोजेक्ट को दो चरणों में पूरा करने का प्लान है.
आधिकारिक बयान में कहा गया कि पीपीपी घटक अनुमानित परियोजना जीएसटी सहित लगभग 4288 करोड़ रुपये है. इसमें पहले चरण के लिए 2,429 करोड़ रुपये और दूसरे चरण के लिए 1,858 करोड़ रुपये प्रस्तावित है. (इनपुट- आईएएनएस)