App

सत्र की सुगबुगाहट, दिल्ली में बढ़ी आहट: मंत्रियों को विदेशी दौरे रद्द करने का फरमान, क्या है मोदी सरकार का दिसंबर प्लान?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों से कहा कि वे आगामी शीतकालीन सत्र के लिए तैयार रहें. माना जा रहा है कि शीतकालीन सत्र 15 दिसंबर से पहले बुलाया जा सकता है.

सत्र की सुगबुगाहट, दिल्ली में बढ़ी आहट: मंत्रियों को विदेशी दौरे रद्द करने का फरमान, क्या है मोदी सरकार का दिसंबर प्लान?
Image Credit: 15 दिसंबर से पहले बुलाया जा सकता है संसद का शीतकालीन सत्र. फोटो- एआई

संसद का शीतकालीन सत्र 15 दिसंबर के पहले बुलाया जा सकता है. इस बात के संकेत खुद पीएम नरेंद्र मोदी ने दिए हैं. बुधवार (26 नवंबर) को पीएम की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में आगामी सत्र के मुद्दों पर भी चर्चा हुई. बताया जाता है कि पीएम मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों से कहा है शीतकालीन सत्र से पहले अपनी तैयारियों को दुरुस्त कर लें और किसी विदेश यात्रा पर जाने से बचें.

पीएम मोदी की सलाह से संकेत मिलते हैं, सरकार का मानना है कि सत्र की शुरुआत होने से पहले सभी मंत्री मौजूद रहें. बताया जाता है कि बुधवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में पीएम मोदी ने सुझाव दिया कि संसद का शीतकालीन सत्र 15 दिसंबर से पहले बुलाया जाए और मंत्रियों से यह भी कहा कि ने सुनिश्चित करें कि उनके संबंधित मंत्रालय पूरी तरीके से तैयार रहें.

कब से बुलाया जा सकता है शीतकालीन सत्र

सूत्रों की मानें, तो संसद के शीतकालीन सत्र के लिए सरकार दो तारीखों पर विचार कर रही है. बताया जाता है कि या तो 29 नवंबर से सत्र बुलाया जा सकता है या फिर 6 दिसंबर के बाद सत्र को बुलाया जा सकात है.  सूत्रों के मुताबिक 15 दिसंबर से पहले किसी भी डेट पर सत्र बुलाया जा सकता है. 

सूत्रों ने दावा किया कि संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति सत्र शुरू होने की तारीख और इसकी अवधि के बारे में अंतिम फैसला लेगी. बता दें कि केंद्र सरकार की ये तैयारियां ऐसे समय पर की जा रही हैं, जब विपक्षी दल शीतकालीन सत्र बुलाने में हो रही देरी पर सवाल खड़ा कर रहा है. बता दें कि बुधवार तक मानसून सत्र का औपचारिक समापन नहीं हुआ है. 

विशेष सत्र की बढ़ीं अटकलें

बता दें कि शीतकालीन सत्र की घोषणा न होने के कारण संसद का एक विशेष सत्र बुलाए जाने की अटकलें भी तेज हो गई हैं. हालांकि, इसको लेकर भी पुष्टि नहीं हो सकी है. माना जा रहा था कि लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर ये विशेष सत्र बुलाया जा सकता है.

अब संसद का शीतकलीन सत्र 15 दिसंबर से पहले शुरू होने की उम्मीद है. ऐसे में सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा प्रस्तावित विधेयक पेश करेगी या नहीं. बता दें कि फिलहाल एनडीए के पास 320 सदस्य हैं. विधेयक को पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत चाहिए. ऐसे में इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए उन्हें विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी.

लोकसभा में गिर गया था विधेयक

गौरतलब है कि इसी साल 17 अप्रैल को सरकार ने एक विशेष सत्र बुलाया था और इस दौरान विधेयक को पेश किया गया था. लंबी चर्चा के बाद भी इस विधेयक पारित नहीं कराया जा सका, क्योंकि सरकार के पास जरूरी संख्या बल नहीं था. विधेयक के पारित कराने के लिए 543 सदस्यों वाले मौजूदा लोकसभा में 361 वोटों की आवश्यकता होगी. फिलहाल तीन सीटें खाली हैं, इसलिए सदन में अभी 540 सदस्य हैं.
 


 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More