)
अक्सर आपने देखा होगा कि प्रदूषण बढ़ने पर लोग अपने घरों की खिड़कियां-दरवाजे पूरी तरह से बंद कर लेते हैं. ताकि बाहर वाली जहरीली हवा अंदर न घुस पाए. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि घर के अंदर रहना वाकई प्रदूषण से बचाता है? अगर आपका जवाब हां है, तो इस खबर को एक बार पूरा जरूर पढ़ लीजिए. ताकि पता चल सके कि घर के अंदर की हवा और बाहर की हवा में कितना जहर घुला है?
दरअसल, दक्षिण दिल्ली के 24 घरों में की गई एक रिसर्च से पता चला है कि बाहर के मुकाबले घरों के अंदर की हवा काफी प्रदूषित होती है. खासकर उन घरों में जहां आवाजाही ठीक नहीं रहती है, वहां PM2.5 का स्तर बाहर की तुलना में 50 फीसदी ज्यादा दर्ज किया गया है. यानी सिर्फ खिड़की-दरवाजे बंद करने से प्रदूषण से बचा नहीं जा सकता है.
कहां-कहां की गई रिसर्चइंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, यह रिसर्च जामिया मिलिया इस्लामिया, सऊदी अरब की जजान यूनिवर्सिटी और जम्मू-कश्मीर की बाबा गुलाम शाह बादशाह यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने मिलकर की है. रिसर्च टीम ने दक्षिणी दिल्ली के शाहीन बाग, जसोला विहार, बाटला हाउस और ओखला विहार के 24 घरों की हवा की पड़ताल की है. यह रिसर्च फरवरी से अप्रैल 2023 के बीच में की गई. इसकी रिपोर्ट 2025 में 'डिस्कवर एनवायरमेंट' जर्नल में प्रकाशित हुई.
1. शाहीन बाग
2. जसोला विहार
3. बाटला हाउस
4. ओखला विहार
हवा की जांच के लिए हर घर की रसोई में अंदरूनी सैंपल लिए गए, जबकि बाहर की हवा का स्तर बालकनी में मापा गया. हर घर में लगातार तीन दिन तक दिन के समय, रोजाना आठ घंटे निगरानी की गई. निजता से जुड़ी वजहों के चलते रात में जांच नहीं की गई. घरों को अच्छे या खराब वेंटिलेशन की श्रेणी में इस आधार पर रखा गया कि जांच के दौरान रसोई की चिमनी या एग्जॉस्ट फैन काम कर रहे थे या नहीं.
वहीं रिसर्च में यह भी पता चला है कि घर के अंदर खाना पकाने, सफाई करने, धूम्रपान करने और अगरबत्ती जलाने जैसी गतिविधियों से प्रदूषण बढ़ सकता है. इसके अलावा, हवा की आवाजाही कम होने पर अंदर पैदा होने वाले प्रदूषक बाहर नहीं निकल पाते और जमा होते रहते हैं.
हालांकि, शोधकर्ताओं ने यह भी अलग-अलग करके नहीं बताया कि खाना पकाने, वाहनों के धुएं या धूल में से किसका कितना योगदान रहा है. हालांकि, उन्होंने सुझाव भी दिया है कि घरों में वेंटिलेशन बेहतर रखें, एग्जॉस्ट और चिमनी की नियमित सफाई, देखभाल करें. साथ ही धुआं और धूल पैदा करने वाली गतिविधियों को कम करें. यानी प्रदूषण से बचने के लिए सिर्फ खिड़की-दरवाजे बंद करना काफी नहीं, घर के अंदर हवा की आवाजाही का ध्यान रखना भी बहुत जरूरी है.