)
मोदी सरकार दिसंबर के पहले सप्ताह में ही शीतकालीन सत्र बुलाने का विचार कर रही है. सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्रियों को 15 दिसंबर तक विदेश यात्रा या अन्य किसी दूसरे कार्यक्रम ना बनाने की सलाह दी गई है. सरकार की इस एडवाइजरी के बाद सियासी पारा चढ़ गया है. सियासी गलियारों में चर्चा है कि सरकार इस शीतकालीन सत्र में परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक को पेश कर सकती है. सियासी अटकलबाजी के बीच परिसीमन विधेयक को लेकर महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन के अंदर बड़ी टूट देखने को मिल रही है. महाविकास अघाड़ी (MVA) में शामिल शरद पवार की पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले के एक बयान से विपक्षी गठबंधन में टकराव शुरू हो गया है. दरअसल, NCP (शरद पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने परिसीमन विधेयक पर टिप्पणी देते हुए कहा कि पहले विधेयक को पेश होने दीजिए, हो सकता है कि यह अच्छा हो.
#WATCH | Mumbai, Maharashtra: On the delimitation bill, NCP–SCP MP Supriya Sule said, "Let the bill be introduced first; let us have the full bill in our hands. Once we have it, we can discuss it—and perhaps it will turn out to be a good one...there have been many instances in this country where the opposition and the ruling party have worked together to pass legislation in the national interest." (25.11)
— ANI (@ANI) November 25, 2026
सुप्रिया सुले ने किया परिसीमन का समर्थन?
उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पूरा विधेयक हमारे हाथ में आने दीजिए. एक बार जब यह हमारे पास आ जाएगा, तो हम इस पर चर्चा कर सकते हैं और हो सकता है कि यह एक अच्छा विधेयक साबित हो. सुले ने आगे कहा कि देश में ऐसे कई मौके आए हैं जब विपक्ष और सत्ता पक्ष ने राष्ट्रीय हित में कानून पास करने के लिए मिलकर काम किया है. इस मामले पर विपक्षी रणनीति क्या होगी, इसका खुलासा करते हुए सुप्रिया सुले ने कहा कि इस विषय पर अभी किसी ने उनसे बात नहीं की है. उन्होंने कहा कि ना तो किसी का फोन आया है और न ही उन्हें परिसीमन प्रक्रिया के बारे में कोई जानकारी दी है. सुले ने कहा कि केवल कपिल सिब्बल का फोन आया था. इसके अलावा किसी और का कोई फोन नहीं आया है.
सुले के बयान पर भड़की उद्धव सेना
सुले के इस बयान को परिसीमन बिल के समर्थन का संकेत माना जा रहा है. वहीं, उनके इस बयान पर उद्धव ठाकरे की पार्टी और कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं. उद्धव ठाकरे पार्टी के राज्यसभा सांसद और प्रवक्ता संजय राउत ने साफ कहा कि अगर कोई डीलिमिटेशन बिल का समर्थन करता है, तो उसे इंडिया अलायंस से बाहर चले जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक में इस मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए.
बयान पर कांग्रेस ने भी जताई नाराजगी
कांग्रेस ने भी संजय राउत के बयान का समर्थन किया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री हुसैन दलवाई ने कहा कि संजय राउत बिल्कुल सही कह रहे हैं. उन्होंने कहा कि डीलिमिटेशन पर सु्प्रिया सुले को अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर कोई बिल को समर्थन देना चाहता है, तो फिर उसे इंडिया ब्लॉक से बाहर चला जाना चाहिए. उधर, शरद पवार की पार्टी ने कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव गुट) की टिप्पणी पर नाराजगी जताई है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने कहा कि गठबंधन में सहयोगियों के लिए इस तरह की बयानबाजी करना सही नहीं है.