गुलाबी कागज में ही क्यों पैक होते हैं सोने-चांदी के गहने? वजह है बेहद खास
ज्वेलरी खरीदते समय सुनार गहनों को हमेशा एक खास गुलाबी कागज में लपेटकर देते हैं. ज्यादातर लोग इसे सिर्फ पैकिंग का रिवाज समझते हैं, लेकिन इसके पीछे की वजह खास है. आइए जान लेते हैं.
भारत में लोग साल भर अलग-अलग समय और खास मौकों पर सोने की खरीदारी करते हैं. आप भी कभी न कभी सोना खरीदने गए होंगे. जब भी बाजार से सोने या चांदी के गहने खरीदे जाते हैं, तो एक चीज हर दुकान पर कॉमन दिखती है, वो है गहनों को गुलाबी कागज में रखना. हम देखते हैं कि सुनार अपने कस्टमर को जब भी गहने देता है तो डिब्बे में पैक करने से पहले उन्हें एक पतले गुलाबी कागज में लपेटता है. कभी आपने सोचा है कि आखिर ऐसा क्यों होता है? आइए जानते हैं.
दरअसल, सोने के गहनों को गुलाबी कागज में रखना पहली नजर में सिर्फ पैकिंग का एक खूबसूरत तरीका लग सकता है, लेकिन इसके पीछे खास वजह है. ये न सिर्फ सालों पुरानी परंपरा है बल्कि इससे धार्मिक मान्यताएं भी जुड़ी हैं.
एक ढाल की तरह काम करता है गुलाबी कागज
सोने और चांदी जैसे गहनों को बहुत ज्यादा देखरेख की जरूरत होती है, क्योंकि हवा में मौजूद नमी, पसीना और धूल-मिट्टी के संपर्क में आते ही ये धातुएं अपनी स्वाभाविक चमक खोने लगती हैं. खासकर चांदी तो बहुत तेजी से काली पड़ती है. ऐसे में गुलाबी कागज एक ढाल की तरह काम करता है, जो उन्हें लंबे समय तक चमकदार और नया जैसा बनाए रखता है.
गुलाबी कागज के इस्तेमाल की 3 वजहें
1. काले पड़ने और खरोंच से बचाव
गहनों को गुलाबी कागज में रखने का कोई नियम नहीं है, लेकिन यह चलन सालों पुराना है. इसकी पहली वजह गहनों को काला पड़ने से बचाना है. गुलाबी कागज में हल्की एंटी-टार्निश खूबी होती है. यह गहनों को सीधी हवा और नमी से अलग रखता है. जब गहने आपस में या डिब्बे की सख्त सतह से टकराते हैं, तो उन पर बारीक खरोंच (स्क्रैच) आने का डर रहता है. लिहाजा कागज की यह परत गहनों को रगड़ और घर्षण से बचाती है.
2. चमक को उभारने वाला कंट्रास्ट
कहा जाता है कि गुलाबी रंग की पृष्ठभूमि पर सोने का पीलापन और चांदी की उजली चमक ज्यादा खिलकर सामने आती है. यह एक बेहतरीन विजुअल कंट्रास्ट बनाता है. यही वजह है कि जब ग्राहक डिब्बा खोलता है, तो गुलाबी रंग के बीच रखा जेवर ज्यादा चमकदार और प्रीमियम लगता है और खरीदार ज्यादा आकर्षित होते हैं.
3. सदियों पुरानी भरोसेमंद परंपरा
बताया जाता है कि पुराने दौर में जब आज जैसे प्लास्टिक पाउच या वेलवेट के महंगे बॉक्स नहीं होते थे, तब सुनार सुरक्षा के लिए इसी गुलाबी कागज का यूज करते थे. वक्त के साथ यह तरीका भारतीय सर्राफा बाजार ने अपना लिया और आज ये एक पहचान बन चुका है.
धार्मिक मान्यता भी जान लीजिए
गुलाबी कागज में गहने रखने को लेकर कई धार्मिक मान्यताएं भी हैं. दरअसल, सनातन परंपरा में सोने को मां लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है. मान्यता है कि गुलाबी और लाल रंग धन की देवी लक्ष्मी को बेहद प्रिय हैं. धार्मिक दृष्टि से गुलाबी रंग लाल (ऊर्जा और शक्ति) और सफेद (शांति और शुद्धता) का संगम है. यही वजह है कि इस रंग को शुभता, सौभाग्य और बरकत से जोड़कर देखा जाता है. जब सोने-चांदी के गहनों को इस पवित्र रंग में लपेटा जाता है, तो माना जाता है कि इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा और समृद्धि बनी रहती है.
ये भी पढ़ें: गोल्ड खरीदने का गोल्डन चांस: ₹40000 फिसला सोना, दिवाली से पहले और गिरेगा भाव? दिसंबर के बाद बदलेगा सोने-चांदी का खेल!