SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

26/11 के हीरो ने बचाई सैकड़ों जान, आज खुद जिंदगी से हारते दिखे 'छोटू चायवाला'; 17 महीने से बेरोजगार, मांगी इच्छामृत्यु

साल 2008 में हुए आतंकी हमले में सैकड़ों लोगों की जान बचाने वाले हीरो 'छोटू चायवाला' ने अपने लिए इच्छामृत्यु की मांग की है. उन्होंने कहा कि वह पिछले कई महीनों से बेरोजगार हैं और सरकार उनकी कोई मदद नहीं कर रही है.

Written By abhinav tripathi
Published: Nov 26, 2026, 15:05 IST | Updated: Nov 26, 2026, 15:11 IST
Image Credit: 26/11 के हीरो ने सुनाई अपनी दास्तां.
Join

मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले की आज 18वीं बरसी है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धाजलि दी और सुरक्षाबलों के बलिदान को याद किया. इस बीच 26/11 के CSMT हीरो 'छोटू चायवाला' ने अपनी पीड़ा लोगों के सामने रखी है. हैरान करने वाली बात है कि इस हमले के बाद सैकड़ों लोगों की जान बचाने वाले मोहम्मद तौफीक शेख ने कहा कि वह बेरोजगार हैं और जीवन चलाना मुश्किल हो रहा है.

दरअसल, 26/11 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर आतंकी हमले के दौरान मोहम्मद तौफीक शेख उर्फ ​​'छोटू चायवाला' ने सैकड़ों लोगों की जान बचाई थी. अब उन्होंने कहा कि वह इच्छामृत्यु चाहते हैं. उन्होंने कहा कि मैं कर्जे में हूं और मैं सरकार से गुजारिश करता हूं कि मुझे इच्छामृत्यु दे दी जाए.

हमले वाले दिन की सुनाई दास्तां

समाचार एजेंसी से बात करते हुए मोहम्मद तौफीक शेख ने कहा कि वह रात मैं कभी नहीं भूल सकता हूं. सुबह 4-5 बजे मेरे को नींद आती है. वो हादसा कभी नहीं भूला जा सकता है. ऐसे हादसे केवल फिल्मों में देखते थे. उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्होंने कम से कम दो से तीन हजार लोगों को निकाला. एक रेलवे एम्प्लॉई को बचाकर भायखला रेलवे हॉस्पिटल में एडमिट किया.

छोटू चायवाले का कहना है कि उस दिन इंडिया और इंग्लैंड का मैच था, तो मैं बोला इंडिया मैच जीत गई. पहले हमें लगा ये पटाखे जल रहे हैं. हालांकि, बाद में बम की जानकारी हुई और मेरे को गोली का कुछ समझ नहीं आ रहा था. उन्होंने कहा कि अभी हम कुछ समझ पाते, तभी एक आतंकी आया और उसने तीन गोलियां चलाई और पंजाबी भाषा में गाली दी. इसमें से एक बुलेट से विंडो का कांच टूटा, दूसरा टेबल पर लगा और तीसरी बार में मैं सो गया, जिससे वह गोली नहीं लग सकी थी.

छोटू चायवाले ने क्यों मांगी इच्छामृत्यु?

इस आतंकी हमले के करीब 18 साल बाद एक बार फिर से मोहम्मद तौफीक शेख उर्फ ​​'छोटू चायवाला' ने सरकार से इच्छामृत्यु मांगी है और कहा कि महाराष्ट्र सरकार, हाईकोर्ट या केंद्र सरकार उन्हें मृत्यु दे दे. छोटू चायवाले ने कहा कि वह कर्जे में डूबा है उसके पास पैसे तक नहीं बचे हैं.  उन्होंने कहा कि एक चायवाले को व्यापार करने के लिए एक छोटी-सी जगह या एक छोटी-नौकरी सरकार नहीं दे सकती है.

छोटू चायवाले का कहना है कि आज के समय में कुछ भी होता है, तो आम पब्लिक सबसे पहले पहुंचती है. कोई भी नेता या अभिनेता केवल खानापूर्ति के लिए पहुंचता है. किसी भी घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचने वाला आम नागरिक ही होता है. छोटू चायवाले का दावा है कि पिछले 16-17 महीने से दुकान लगाने को नहीं मिल रहा है. इस कारण तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा मेरे पास घर है मैं सबकुछ बेचकर अपना कर्जा दे दूंगा.

यह भी पढ़ें: लाइफ जैकेट, एंटी-जी सूट ट्राउजर और ऑक्सीजन मास्क... राफेल पायलटों के लिए एयरफोर्स ने मांगे ये खास उपकरण

यह भी पढ़ें: 'पाकिस्तान पर क्यों नहीं लिया एक्शन?', 26/11 आतंकी हमले पर BJP ने राहुल गांधी को घेरा; पूछे तीन तीखे सवाल
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES