App

पहले छिना वोट का अधिकार, अब पुलिसिया सवालों की बौछारः बंगाल SIR में नाम कटने वाले वोटरों की हो रही जांच!

विपक्ष का आरोप है कि SIR में जिनके नाम कटे हैं, पुलिस अब उनकी जांच-पड़ताल कर रही है. इस खुलासे के सामने आने के बाद राज्य का सियासी पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया है. वहीं, राज्य के तमाम बड़े अधिकारियों ने इस तरह की जांच-पड़ताल से इनकार किया है.

पहले छिना वोट का अधिकार, अब पुलिसिया सवालों की बौछारः बंगाल SIR में नाम कटने वाले वोटरों की हो रही जांच!
Image Credit: SIR में वोटर लिस्ट से बाहर हुए मतदाताओं की पुलिस कर रही जांच! (AI तस्वीर)

पश्चिम बंगाल में SIR के बाद भी सियासी बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब इस मामले में नया विवाद छिड़ गया है. विपक्ष का आरोप है कि SIR में जिनके नाम कटे हैं, पुलिस अब उनकी जांच-पड़ताल कर रही है. बता दें कि दो दिन पहले 25 नवंबर को ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कूचबिहार जिले में एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों को बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान करके, उन्हें वापस भेजने के निर्देश दिए थे. सीएम शुभेंदु के इस निर्देश के बाद ही इंडियन एक्सप्रेस ने वोटर लिस्ट से बाहर हुए मतदाताओं की पुलिस जांच किए जाने का बड़ा खुलासा किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, वोटर लिस्ट से डिलीट वोटरों की जांच के लिए पुलिस या तो कैंप लगा रही है या लोगों के घरों तक जा रही है. इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद राज्य का सियासी पारा चढ़ गया है.

पुलिसिया अभियान से भड़का विपक्ष

विपक्षी दलों का आरोप है कि मंगलवार (24 नवंबर) से मुर्शिदाबाद, जलपाईगुड़ी, उत्तर दिनाजपुर, पूर्वी बर्धमान, हावड़ा और पूर्वी मेदिनीपुर जैसे जिलों में पुलिस एक अभियान चला रही है, जिसके तहत ऐसे वोटरों से पूछताछ की जा रही है, जिनका नाम वोटर लिस्ट से काट दिया गया है. इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी रिपोर्ट में स्थानीय नागरिकों की ओर से भी इन आरोपों की पुष्टि किए जाने की बात कही है. रिपोर्ट में कहा गया कि पुलिस की ओर से वोटर लिस्ट से बाहर हुए मतदाताओं के जन्म प्रमाण पत्र और जमीन के दस्तावेज जांचे जा रहे हैं. इसके साथ ही यह भी पूछ जा रहा है कि क्या उनके माता-पिता के नाम 2002 की मतदाता सूची में थे?

विपक्ष ने शुभेंदु सरकार को घेरा

विपक्ष का आरोप है कि पुलिसकर्मी अपने साथ एक फॉर्म लेकर चल रहे हैं, जिसमें वे संबंधित व्यक्ति का नाम, पता, विधानसभा क्षेत्र, एपिक नंबर, जन्म या स्कूल का प्रमाण पत्र, जमीन से जुड़े दस्तावेज और 2002 की मतदाता सूची में उनके माता-पिता की स्थिति जैसी जानकारी दर्ज कर रहे हैं. पुलिसवालों द्वारा वोटरों की जांच किए जाने को लेकर सीपीआईएम के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने बीजेपी सरकार और पश्चिम बंगाल पुलिस पर निशाना साधा है. उन्होंने शुभेंदु सरकार पर हमला करते हुए पूछा कि आखिर पुलिस को वोटरों की जांच करने का अधिकार किसने दिया है? CPIM की तरह कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी इस मामले पर बीजेपी सरकार को कटघरे में खड़ा किया है. उन्होंने इसे ध्रुवीकरण का नया ड्रामा करार दिया है.

किसी अधिकारी को इसकी जानकारी नहीं

वहीं, पश्चिम बंगाल के डीजीपी सिद्धिनाथ गुप्ता ने इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट को सिरे से नकार दिया. उन्होंने कहा कि सरकार या पुलिस विभाग की ओर से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है. उन्होंने साफ कहा कि पुलिसवालों की ओर से किसी तरह का फॉर्म भरे जाने के संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है. डीजीपी की तरह एडिशनल सीईओ अरिंदम नियोगी भी इस तरह की जांच-पड़ताल से पूरी तरह अनजान हैं. अंग्रेजी अखबार से बातचीत में उन्होंने साफ कहा कि पुलिस की ओर से मतदाताओं के वेरिफिकेशन को लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं है. राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भी इसकी कोई जानकारी नहीं है. अब सवाल यह है कि अगर राज्य के किसी बड़े अधिकारी ने इस तरह का आदेश नहीं दिया है, तो फिर पुलिसकर्मी किसके आदेश पर इस तरह की छानबीन कर रहे हैं?

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More