)
झारखंड विधानसभा के सदन में एक ऐसा पल देखने को मिला, जिसने सियासी माहौल के बीच भावनाओं की एक अलग तस्वीर पेश की. लंबे समय से बीमार चल रहे झारखंड के विधायक बसंत सोरेन इलाज के बाद एक बार फिर सदन पहुंचे. उनके सदन में पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो ने उनका स्वागत करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की. अध्यक्ष ने कहा कि इलाज के बाद बसंत सोरेन सदन में पहुंचे हैं, यह खुशी की बात है.
उन्होंने कहा कि वह उनके पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करते हैं. अध्यक्ष के इस संबोधन के बाद सदन में मौजूद सभी सदस्यों ने मेज थपथपाकर खुशी जाहिर की. वहीं, अध्यक्ष के स्वागत के बाद बसंत सोरेन ने हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया. इस दौरान एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और बसंत सोरेन की भाभी कल्पना सोरेन अपनी जगह से उठकर उनके बगल में आकर बैठ गईं.
बता दें कि बसंत सोरेन लंबे समय से बीमार चल रहे हैं. अपनी मां के निधन के दौरान भी वे झारखंड में मौजूद नहीं थे. वहीं, वे बीते दिन (26 नवंबर, 2026) को मास्क लगाकर विधानसभा पहुंचे और MMDR पर चर्चा में शामिल हुए.
झारखंड विधानसभा ने केंद्र के एमएमडीआर संशोधन कानून को वापस लेने की मांग का संकल्प प्रस्ताव पारित कर दिया है. विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र (25 और 26 नवंबर, 2026) के दूसरे दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह प्रस्ताव रखा था, जिसपर हुई चर्चा का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि खनिज संपदा से होने वाले नुकसान की क्षतिपूर्ति राज्य का अधिकार है, भीख नहीं.
सीएम हेमंत ने कहा कि राज्य ने खनिज संपदा से होने वाले नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए कानूनी लड़ाई लड़ी. जब राज्य की मांग तेज हुई, तो केंद्र कानून में संशोधन लेकर आ गया. उन्होंने कहा क्षतिपूर्ति की राशि हमारा हक है. यह राशि राज्य के खजाने में अतिरिक्त पैसा आने का मामला नहीं, बल्कि खनन से हुए नुकसान की भरपाई है. SIR की प्रक्रिया पर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार इसका विरोध नहीं करती, लेकिन इसके तरीके में स्थानीय परिस्थितियों का ध्यान रखा जाना चाहिए.