अब पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की तैयारी: सुवेंदु कैबिनेट ने दी हरी झंडी, 9 दिसंबर को विधानसभा में आएगा प्रस्ताव
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की कवायद तेज हो गई है. सुवेंदु कैबिनेट से प्रस्ताव को हरी झंडी मिलने के बाद अब इसे 9 दिसंबर को विधानसभा में पेश किया जाएगा. जानिए नाम बदलने की प्रक्रिया और इससे जुड़े ताजा अपडेट्स.
पश्चिम बंगाल राज्य का नाम बदलने को लेकर एक बड़ा फैसला सामने आया है. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को ऐलान किया कि राज्य का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंगा’ करने से जुड़ा प्रस्ताव 9 दिसंबर को विधानसभा में लाया जाएगा. इससे पहले सोमवार को ही हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है.
कोलकाता में एएनआई के पत्रकारों से बात करते हुए सीएम सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि यह प्रस्ताव विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान पेश किया जाएगा. यह सत्र 4 दिसंबर से 14 दिसंबर तक चलने वाला है. उन्होंने यह भी साफ किया कि अंग्रेजी में भी राज्य का यही नाम रहेगा और इसे बिल्कुल इसी रूप में लिखा जाएगा.
अंग्रेजी में भी 'पश्चिम बंगा' ही होगा नाम
सीएम सुवेंदु अधिकारी ने सूबे के नए नाम की स्पेलिंग और भाषा को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, 'अंग्रेजी में भी पश्चिम बंगाल का नाम 'पश्चिम बंगा' ही होगा. 'पश्चिम बंगा'- इसे ठीक वैसे ही लिखा जाना चाहिए, जैसा यह है. हम 9 तारीख को विधानसभा में एक प्रस्ताव लेकर आ रहे हैं; इसके बाद यह भारत सरकार के पास जाएगा और फिर संसद में पहुंचेगा.' उनके इस बयान से यह साफ हो गया है कि राज्य सरकार नाम को लेकर किसी तरह के बदलाव या अनुवाद के बजाय एक तय रूप को ही आगे बढ़ाना चाहती है.
1947 के इतिहास से जुड़ा है यह बदलाव
नाम बदलने के पीछे की वजह बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रस्ताव राज्य के इतिहास और 1947 में इसके गठन से जुड़ा हुआ है. उन्होंने इस कदम को जरूरी और स्वाभाविक बताया. अधिकारी के मुताबिक, 'यह इतिहास का विषय है 1947 में पश्चिम बंगाल के गठन से जुड़ा इतिहास. यह ऐसा बदलाव है, जो होना ही चाहिए. 'वेस्ट बंगाल' के बजाय इसका नाम 'पश्चिम बंगा' होगा.'
यह भी पढ़ेंः संदेशखाली की लड़ाई लड़ने वाली BJP विधायक के साथ रात में ऐसा क्या हुआ? जहर के लक्षण मिलने के बाद वेंटिलेटर पर भर्ती
विधानसभा से संसद तक की प्रक्रिया
राज्य सरकार के स्तर पर कैबिनेट की मुहर लगने के बाद अब अगला कदम विधानसभा में प्रस्ताव पेश करने का है. यदि विधानसभा इस प्रस्ताव को पारित कर देती है, तो इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा. किसी भी राज्य का नाम बदलने की प्रक्रिया केवल राज्य स्तर पर पूरी नहीं होती. इसे औपचारिक रूप से लागू करने से पहले केंद्र सरकार की हरी झंडी और संसद की मंजूरी मिलना जरूरी है. ऐसे में आने वाले दिनों में यह मुद्दा राज्य की राजनीति के साथ-साथ संसद और केंद्र के स्तर पर भी चर्चा में रह सकता है.
अक्टूबर के संकेतों के बाद आया बड़ा फैसला
यह घोषणा ऐसे समय में आई है, जब अक्टूबर में पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने भी इस दिशा में संकेत दिए थे. उन्होंने तब राज्य का नाम बदले जाने की बात कही थी. अब कैबिनेट की मंजूरी और विधानसभा में प्रस्ताव लाने की तारीख तय होने के साथ इस पूरे मामले ने ठोस रूप ले लिया है. आने वाले शीतकालीन सत्र में 9 दिसंबर को जब यह प्रस्ताव सदन में रखा जाएगा, तब इस पर बहस और आगे की रणनीति पर सबकी नजरें रहेंगी.
यह भी पढ़ेंः पैसों के लिए जिगर के टुकड़े का सौदा: 1. 80 लाख में मां ने 10 माह के बच्चे को बेचा, पश्चिम बंगाल से जुड़े हैं तार