)
शुभेंदु अधिकारी की सरकार ने पश्चिम बंगाल में मदरसों के दशकों पुराने नियमों में बदलाव करते हुए शुक्रवार की साप्ताहिक छुट्टी की परंपरा को समाप्त कर दिया है. पश्चिम बंगाल मदरसा शिक्षा बोर्ड ने एक नोटिस जारी करके राज्य के सभी सरकारी मान्यता प्राप्त मदरसों को शुक्रवार की जगह रविवार को साप्ताहिक अवकाश रखने का निर्देश दिया है. आदेश में साफ कहा गया है कि अब मदरसों में रविवार को ही नियमित साप्ताहिक छुट्टी होगी. इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने की बात कही गई है. बता दें कि अभी तक राज्य के कई मदरसे अभी तक शुक्रवार को साप्ताहिक छुट्टी रखते रहे हैं. जुम्मे की नमाज के कारण मदरसों ने इस तरह की परंपरा शुरू की थी. हालांकि, सरकार बदलते ही दशकों पुरानी इस परंपरा को भी बदल दिया गया है.
मदरसों में जुम्मे की छुट्टी खत्म
मदरसा बोर्ड की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि देशभर के स्कूल-कॉलेजों में रविवार को ही साप्ताहिक अवकाश होता है. ऐसे में यही पैटर्न अब पश्चिम बंगाल के मदरसों में भी लागू किया जा रहा है. आदेश में कहा गया कि धार्मिक त्योहारों या सरकारी छुट्टियों के दौरान ही इस नियम में छूट दी जाएगी. बाकी सप्ताह में 6 दिनों तक पूरी क्षमता के साथ कक्षाएं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां चलानी होंगी और रविवार को अवकाश रखा जाएगा. बोर्ड ने सभी मदरसा प्रधानों को आदेश का सख्ती से पालन करने को कहा है.
गैर मान्यता प्राप्त मदरसों पर सख्ती
इससे पहले सितंबर में पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के 22 जिलों में कई गैर मान्यता प्राप्त मदरसों को बंद करने का आदेश दिया था. इसके पीछे दस्तावेजों की कमी, बुनियादी सुविधाओं का अभाव, छात्रों और शिक्षकों की संख्या में असंतुलन और फंडिंग में गड़बड़ी जैसी वजहें बताई गई थी. शुभेंदु सरकार ने इस नियम को शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की कोशिशों का हिस्सा बताया है. सरकार ने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं. इसी कड़ी में स्कूलों की फीस, यूनिफॉर्म और पाठ्यक्रम से जुड़े नियमों में भी बदलाव किए गए हैं.
बीजेपी सरकार पर भड़का विपक्ष
बता दें कि राज्य में हजारों मान्यता प्राप्त मदरसे हैं, जहां लाखों छात्र पढ़ते हैं. ऐसे में यह आदेश बड़ी संख्या में छात्रों और शिक्षकों को प्रभावित करेगा. इससे पहले उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने मदरसों में शुक्रवार की छुट्टी को समाप्त किया था. वहीं, विपक्ष ने इस नियम को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है. विपक्ष का आरोप है कि बीजेपी सरकार में जानबूझकर मुस्लिम समाज को परेशान किया जा रहा है.