)
उत्तर प्रदेश के मेरठ में दहेज की मांग को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसकी चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है. यहां शादी से पहले लड़के वालों ने कथित तौर पर दहेज में महंगी THAR गाड़ी की मांग कर दी. इसके बाद लड़की वालों ने ऐसा जवाब दिया कि लड़के पक्ष को असली थार की जगह खिलौने वाली गाड़ी लेकर वापस लौटना पड़ा. बताया जा रहा है कि लड़की वालों ने लड़के पक्ष के लोगों को सुबह से लेकर रात तक घर पर बैठाए रखा और आखिर में खिलौना थार देकर विदा कर दिया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लड़की पक्ष ने रिश्ता भी तोड़ दिया है.
ज्ञानपुर से सोलाना पहुंचा था लड़के वाला परिवार
जानकारी के मुताबिक, मेरठ के ज्ञानपुर गांव निवासी शमशेर ने अपने बेटे का रिश्ता सोलाना गांव में तय किया था. शनिवार सुबह शमशेर अपने बेटे की चिट्ठी लेकर लड़की वालों के घर पहुंचे थे. आरोप है कि इसी दौरान लड़के पक्ष की ओर से दहेज में थार गाड़ी की मांग रख दी गई. महंगी गाड़ी की मांग सुनकर लड़की पक्ष ने इसका विरोध किया और लड़के वालों को सबक सिखाने का फैसला किया.
सुबह से रात तक घर पर बैठाए रखा
बताया जा रहा है कि लड़की वालों ने शमशेर और उनके साथ आए लोगों को सुबह से लेकर रात तक घर पर बैठाए रखा. इसके बाद उन्हें असली थार की जगह खिलौने वाली थार गाड़ी थमा दी गई. लड़की पक्ष ने इसी तरह दहेज की मांग का विरोध जताया और रिश्ता तोड़ दिया.
'तुम्हें इंसान नहीं, ब्रांड चाहिए'
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ लोग कुर्सियों पर बैठे दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान एक व्यक्ति उनके पास आता है और उन्हें खिलौने वाली गाड़ी देते हुए कहता है, 'तुम्हें इंसान की जरूरत नहीं थी, तुम्हें ब्रांड की जरूरत थी. हमने तुम्हें कार दी है. इसे चलाओ और अपने घर में मजे से रहो.'
वीडियो में आगे बताया जाता है कि लड़के वालों ने लड़की पक्ष से कार मांगी थी, लेकिन उनकी मांग पूरी नहीं की गई. इसके बजाय सगाई तोड़कर उन्हें खिलौने वाली थार दे दी गई.
दहेज की मांग पर लड़की वालों ने तोड़ा रिश्ता
बताया जा रहा है कि लड़की पक्ष ने समाज के सामने लड़के वालों की दहेज की मांग को उजागर करने के लिए यह तरीका अपनाया. उनका कहना था कि जब लड़के वालों को रिश्ते से ज्यादा गाड़ी की जरूरत थी, तो उन्हें वही गाड़ी दी गई, जिसकी वे मांग कर रहे थे.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. वीडियो में लड़के पक्ष को खिलौने वाली थार देते हुए लड़की वालों की ओर से तंज भी कसा जा रहा है. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
पारस गोयल की रिपोर्ट