App

'पिक्चर अभी बाकी है ब्रो', परिसीमन बिल पर कांग्रेस नेता का Gen-Z स्टाइल पोस्ट, डीएमके का पलटवार- आपने पीठ में छुरा घोंपा

परिसीमन विधेयक पर डीएमके ने सरकार का साथ देने की बात कही है. इस पर कांग्रेस ने डीएमके से इस बिल का विरोध करने की अपील की है. डीएमके नेताओं ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर कई आरोप लगाए हैं.

'पिक्चर अभी बाकी है ब्रो', परिसीमन बिल पर कांग्रेस नेता का Gen-Z स्टाइल पोस्ट, डीएमके का पलटवार- आपने पीठ में छुरा घोंपा
Image Credit: राहुल की पोस्ट पर डीएमके का पलटवार

संसद का विशेष सत्र सोमवार (30 नवंबर) से शुरू होने जा रहा है. विपक्ष के कई दलों ने इस बिल पर सरकार का समर्थन करने का ऐलान किया है, जिसमें डीएम, एनसीपी (SP) समेत कुछ और दल शामिल हैं. डीएमके के इस रुख ने मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को झटका दिया है, जिसके बाद इंडिया ब्लॉक के नेता रविवार (29 नवंबर) को दिल्ली से चेन्नई के लिए रवाना हुए.

दरअसल, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत इंडिया ब्लॉक के कई नेता चेन्नई पहुंचे हैं, जहां पर वे डीएमके चीफ एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे और उनसे बिल के पक्ष में वोट न करने की अपील करेंगे. इस बीच एमके स्टालिन ने खुद कहा कि वह तमिलनाडु के हित को सोचते हुए फैसला ले चुके हैं. इन सबके बीच ये सियासी ड्रॉमा अब 'इट्स डन ब्रो' मोमेंट तक पहुंच गया है. डीएमके ने फिर से दोहराया कि कांग्रेस के साथ बातचीत में काफी देर हो चुकी है.

राहुल गांधी की स्टालिन से खास अपील

चेन्नई रवाना होने से पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एमके स्टालिन को भाई करार दिया और उनकी जमकर तारीफ करते हुए परिसीमन पर समर्थन न देने की बात कही. उन्होंने डीएमके से अनुरोध किया कि वह परिसीमन विधेयक का विरोध करे. वहीं, राहुल गांधी के बाद कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक पोस्ट किया और उन्होंने Gen-Z स्टाइल में लिखा कि 'पिक्चर अभी बाकी है ब्रो'.

दूसरी तरफ राहुल गांधी के पोस्ट पर एमके स्टालिन ने रिप्लाई किया और कहा कि वह अपने फैसले पर अडिग हैं. उन्होंने लिखा कि संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में DMK की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए राहुल गांधी का बहुत-बहुत धन्यवाद. हमने हमेशा तमिलनाडु और अपने तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखकर हर फैसला लिया है. स्टालिन ने स्पष्ट किया कि हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे और मुझे पूरा विश्वास है कि इतिहास हमें 'कट्टाबोम्मन' के रूप में याद रखेगा.

डीएमके ने कहा- कांग्रेस ने पीठ में छुरा घोंपा

राहुल गांधी के पोस्ट पर डीएमके के नेताओं ने कांग्रेस को खरी-खरी सुनाई है. डीएमके ने कांग्रेस पर पीठ में छुरा घोंपने का आरोप भी मढ़ा. डीएमके के प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने 'एक्स' पोस्ट में कहा कि सर (राहुल गांधी), चेन्नई में आपका स्वागत है. हमें आपसे बहुत उम्मीदें थीं. हमने आपका समर्थन करने के लिए अपनी पूरी कोशिश की. जब हमारे नेता ने आपको अपना छोटा भाई कहा, तो आप हम सभी के लिए भाई बन गए.

अपनी पोस्ट में उन्होंने आगे कहा कि डीएमके के लिए तमिलों और तमिलनाडु का कल्याण सबसे ऊपर है. हमारे नेता वही करेंगे जो तमिलनाडु के लिए सबसे अच्छा हो. क्या आपको नहीं लगता कि अब बहुत देर हो चुकी है? इसके अलावा राहुल गांधी के पोस्ट पर जवाब देते हुए लिखा कि और यह वही भाई है, जिनकी पीठ में आपने और आपकी तमिलनाडु टीम ने इतनी आसानी से छुरा घोंप दिया.(इनपुट- आईएएनएस)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More